उत्तर प्रदेश में इस समय गुलाबी ठंड का दौर जारी है। पहाड़ों से चल रही ठंडी पछुआ हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। पिछले 48 घंटे में कई जगहों पर शीत लहर का असर देखा गया है।
उत्तर प्रदेश में इस समय गुलाबी ठंड का दौर जारी है। पहाड़ों से चल रही ठंडी पछुआ हवाओं ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। पिछले 48 घंटे में कई जगहों पर शीत लहर का असर देखा गया है। सुबह और शाम के समय हल्का कोहरा छाया रहता है, लेकिन दिन में धूप निकलने के बाद मौसम साफ हो जाता है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार, अगले 7 दिनों तक यूपी का मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सुबह और शाम को कोहरा घना हो सकता है। ठंडी हवाओं के कारण ठंडक और बढ़ सकती है। सुबह और शाम के समय ठंड में राज्य के कई जिलों में इजाफा महसूस किया गया।
मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोनों ही सामान्य से 2 डिग्री कम रहे। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मंगलवार को पूरे उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। वहीं, सबसे अधिक तापमान बहराइच जिले में 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, यानी यहां गर्माहट बाकी जगहों से थोड़ी ज्यादा रही।