
इलाहाबाद. सिविल लाइंस इलाके में रिटायर प्रधानाचार्य का शव रखकर मसीही समुदाय के लोगों ने इंसाफ की मांग की। मृतक पूर्व प्रिंसिपल के बेटे ने सुसाइ़ड नोट में आरोपी बनाए गए काशी नरेश के केयर टेकर समेत तीन लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की मांग की है। आपको बता दे कि मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम रिटायर प्रिंसिपल आर के गवन ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक ने सुसाइड नोट छोड़ा था जिसमें उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार काशी नरेश के केयरटेकर समेत तीन लोगों को बताया है। उनका आरोप था कि उन्ही लोगो ने उनके खिलाफ जमीन हड़पने का गलत मुकदमा दर्ज करवाया है।
जिसके बाद पुलिस ने पिछले दिनों उन्हे चार्जशीट में जमीन हड़पने का आरोपी बना दिया । पूरी जिंदगी ईमानदारी की पाठ पढ़ाने वाले बुजुर्ग को जब पता चला कि पुलिस की चार्जशीट में उन्हें आरोपी बना दिया गया है । तो उसी के बाद से रिटायर प्रधानाचार्य बेहद परेशान हो गये थे । खुद को पुलिस की चार्जशीट में आरोपी बनाये जाने के सदमे से परेशान बुजुर्ग ने बुधवार की शाम अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली । दूसरी तरफ बुजुर्ग प्रधानाचार्य की सुसाइड की खबर से मसीही समुदाय के लोग आक्रोशित हो गये । इस दौरान पुलिस जब मृतक का शव लेने पहुंची तो परिजनों और पुलिस के बीच झड़प भी हुयी।
दूसरी तरफ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले में पुलिस का कोई दोष नही है। सुसाइड नोट में मृतक ने जिन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है । उन सभी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हेड राइटिंग की जांच कर दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की जायेगी। दूसरी तरफ मसीही समुदाय के लोगों का आरोप है कि इलाहाबाद में लगातार मसीही समुदाय के लोगो को पुलिस के साथ मिलकर परेशान किया जा रहा है।
By-Prasoon Pandey