मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृतियों को संजोने के लिए उनके नाम पर एक रिसर्च सेंटर की स्थापना करेगा। अपने तरह के इस अनूठे रिसर्च सेंटर में न केवल इंजीनियरिंग बल्कि दूसरे क्षेत्रों में रिसर्च और स्टडी होगी। जानकारी के मुताबिक इस सेंटर में जलवायु परिवर्तन, मौसम विज्ञान, ऊर्जा, पर्यावरण और डिजास्टर मैनेजमेंट जैसे विषयों पर गंभीर स्टडी होगी।
एमएनआईटी के डायरेक्टर पी. चक्रबर्ती ने बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर फॉर एडवांस रिसर्च इन क्लाइमेट चेंज, एनर्जी, एनववायरमेंट एंड डिजास्टर मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी (सीएलईईडी) की स्थापना कर हम डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित करना चाहते हैं। सेंटर में इन्हीं विषयों पर रिसर्च और स्टडी होगी। इससे साइंस और सोसायटी दोनों को फायदा होगा। हम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके विविध क्षेत्रों, बहुआयामी और बहुउद्देश्यीय रिसर्च को बढ़ावा देना चाहते हैं। इसके लिए संस्थान के ही रिसर्च सेल से एक करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। बाकी फंड की व्यवस्था सरकारी प्रोजेक्ट्स और इंडस्ट्री से जुड़े प्रोजेक्ट्स की की जाएगी।