प्रयागराज

PCS 2024 Result : प्रशासनिक सेवा में बेटियों का दबदबा, 17 DSP में 7 और 37 डिप्टी कलेक्टर में 21 बेटियां

PCS 2024 Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने अंतिम परिणाम जारी किया। नेहा पांचाल ने टॉप किया, अनन्या त्रिवेदी दूसरे और अभय प्रताप सिंह तीसरे स्थान पर रहे। टॉप-10 में 6 बेटियों ने जगह बनाकर महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की।

2 min read

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2024 का अंतिम परिणाम रविवार देर रात घोषित कर दिया। नेहा पांचाल ने प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश की अनन्या त्रिवेदी का नाम है। तीसरा स्थान अभय प्रताप सिंह को मिला है। टॉप टेन में छह बेटियां हैं जिसमें से चार उत्तर प्रदेश की हैं।

पीसीएस 2024 की परीक्षा में पिछले 12 वर्षों में बेटियों को सबसे बड़ी सफलता मिली है। इस बार चयनित 932 अभ्यर्थियों में से 319 (34.22) प्रतिशत बेटियां हैं। इनमें से ज्यादातर उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। इससे पूर्व 23 जनवरी 2024 को पीसीएस 2023 का परिणाम घोषित किया गया था, उस साल कुल 251 अभ्यर्थी चयनित हुए थे, जिनमें से 84 (33.46 प्रतिशत) बेटियां थीं। इनमें 78 उत्तर प्रदेश और बाकी छह दूसरे राज्यों की रहने वाली थीं।

इससे पूर्व पीसीएस 2022 में चयनित कुल 364 अभ्यर्थियों में से 110 (30.21 प्रतिशत) बेटियां थीं। जबकि पीसीएस 2021 में चयनित 627 अभ्यर्थियों में 141 (22.48 प्रतिशत) पद बेटियों को मिले थे लेकिन रविवार को घोषित पीसीएस 2024 का परिणाम बालिका शिक्षा और नारी सशक्तिकरण के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगा। प्रशासनिक सेवा की राज्य की सबसे बड़ी परीक्षा में आधी आबादी ने 34 प्रतिशत से अधिक पदों पर काबिज होकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है।

नेहा नाम की 13 अफसर टॉप 11 में तीन शामिल

पीसीएस के परिणाम में नेहा नाम की 13 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। सबसे रोचक बात है कि एसडीएम या डिप्टी कलेक्टर के पद पर नेहा नामराशि की तीन अभ्यर्थी चयनित हुई हैं। ये तीनों टॉप 11 में शामिल है। नेहा पांचाल ने टॉप किया है। नेहा सिंह पांचवें स्थान पर है जबकि नेहा तोमर 11वें स्थान पर हैं। पूजा नाम की छह, गरिमा नाम की पांच, अंकिता नाम की चार, स्नेहा, सृष्टि व दीक्षा नाम की तीन-तीन बेटियों का चयन हुआ है। वहीं पुरुषों में अभिषेक नाम के 22 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हुआ है। विनय नाम के आठ और अविनाश व अनुराग नाम के छह-छह व सचिन नाम के पांच अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।

17 डिप्टी एसपी में से सात बेटियां

पीसीएस के दूसरे सबसे महत्वपूर्ण डिप्टी एसपी के पद पर 17 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, इसमें सात बेटियां हैं। इससे पूर्व पीसीएस 2023 में डिप्टी एसपी के कुल 42 पद थे, इनमें से 12 पर बेटियों का चयन हुआ था। पीसीएस 2022 में डिप्टी एसपी के 93 पदों में से 25 पदों पर बेटियों का चयन हुआ था जबकि पीसीएस 2021 में 25 में से 12 पर बेटियों को सफलता मिली थी।

37 डिप्टी कलेक्टर में 21 बेटियां

पीसीएस 2024 में डिप्टी कलेक्टर के 37 पद थे, इस सूची में बेटियों की बादशाहत कायम है। कुल 37 चयनितों में 21 बेटियां हैं। इनमें से भी 19 उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। शीर्ष दोनों स्थानों पर नेहा पांचाल और अनन्या त्रिवेदी ने स्थान बनाया है। वहीं पीसीएस 2023 में 41 डिप्टी कलेक्टर चयनित हुए थे, इनमें आठ बेटियां थीं। जाहिर है कि इस पद पर बेटियों के चयन का प्रतिशत भी बढ़ा है। पीसीएस 2022 में डिप्टी कलेक्टर के 39 में से लगभग आधे 19 पदों पर बेटियों ने सफलता हासिल की थी। पीसीएस 2021 में डिप्टी कलेक्टर के 52 पदों में से 16 पर बेटियां सफल हुई थीं।

Updated on:
30 Mar 2026 08:40 am
Published on:
30 Mar 2026 08:17 am
Also Read
View All

अगली खबर