प्रयागराज

दोस्त को इंसाफ दिलाने की कीमत जान देकर चुकाई!, पति की हत्या के बाद पत्नी का दर्द छलका, बोली- घर में कमाने वाला कोई नहीं बचा

Sajan Mehtar Murder Case: प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर अरविंद पासी की सैलून में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह दोस्त साजन मेहतर की हत्या के मामले में गवाह था। पत्नी का आरोप है कि अरविंद को धमकियां मिल रही थीं, लेकिन शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 1:59 PM IST
UP News
प्रॉपर्टी डीलर अरविंद पासी की गोली मारकर हत्या कर दी (X Photo Shakti Singh)

Prayagraj Murder Case: प्रयागराज में सैलून के अंदर प्रॉपर्टी डीलर अरविंद पासी की गोली मारकर हत्या के मामले में परिवार ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी आरती का कहना है कि परिवार को कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं और इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अरविंद अपने दोस्त साजन मेहतर की हत्या के मामले में गवाह था और आरोपियों के खिलाफ केस की पैरवी कर रहा था। हत्या के 60 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

दोस्त को इंसाफ दिलाने के लिए कर रहा था केस की पैरवी

अरविंद पासी की हत्या के पीछे परिवार ने उसके दोस्त साजन मेहतर की हत्या के मामले को वजह बताया है। अरविंद के बड़े भाई राजू के मुताबिक, साजन की 26 सितंबर 2025 को हत्या कर दी गई थी। उसके परिवार में केस की पैरवी करने वाला कोई नहीं था। ऐसे में अरविंद ने दोस्ती निभाते हुए गवाही देने और मुकदमे की पैरवी करने की जिम्मेदारी उठाई थी।

राजू का आरोप है कि साजन हत्याकांड में नामजद आरोपी अरविंद पर गवाही से पीछे हटने का दबाव बना रहे थे। उसे धमकी दी जाती थी कि अगर उसने गवाही देना बंद नहीं किया तो उसका भी साजन जैसा अंजाम होगा।

घर में अब कोई कमाने वाला नहीं बचा, बच्चे को कैसे पालेंगे

अरविंद की पत्नी आरती का रो-रोकर बुरा हाल है। नौ साल के बेटे अर्नव को सीने से लगाकर वह बार-बार रो रही हैं। आरती ने कहा कि हमारे घर में अब कोई कमाने वाला नहीं बचा। बच्चे को कैसे पालेंगे? मेरे पति को जिस तरह गोलियों से मारा गया, सरकार हत्यारों का भी वैसा ही हश्र करे। कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं। शिकायत भी की थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।

आरती ने बताया कि 26 नवंबर की शाम उन्हें एक बारात में जाना था। उनके पति सैलून गए थे, लेकिन वहां से जिंदा वापस नहीं लौटे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अरविंद की किससे ऐसी दुश्मनी थी कि उसे सैलून के अंदर घुसकर गोली मार दी गई।

साजन की हत्या वाली जगह से 50 मीटर दूर वारदात

परिवार के मुताबिक, साजन की हत्या अरविंद के घर के पास ईंट-पत्थरों से हमला करके की गई थी। अब उसी इलाके में सैलून के अंदर अरविंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार का दावा है कि दोनों घटनाओं की जगह के बीच करीब 50 मीटर की दूरी है। इसी वजह से परिजन दोनों हत्याओं को आपस में जोड़कर देख रहे हैं।

बच्चा पासी का नाम लेकर धमकाने का आरोप

राजू ने साजन हत्याकांड में नामजद गुड्डू पर अरविंद को धमकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गुड्डू सुलेमसराय के पूर्व पार्षद बच्चा पासी का भांजा है और कई बार उसका नाम लेकर धमकाता था। राजू ने प्रिंस, गोलू, मनीष और ईशू को भी गुड्डू का साथी बताया है। परिवार का दावा है कि ये लोग अरविंद पर गवाही से पीछे हटने का दबाव बनाते थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

60 घंटे बाद भी आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

26 नवंबर को हुई हत्या के मामले में परिवार की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से शूटरों की पहचान की जा रही है।

डीसीपी सिटी सागर जैन के मुताबिक, पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं और अलग-अलग टीमें उन पर काम कर रही हैं। धमकी मिलने की शिकायतों की भी जांच की जा रही है। डीसीपी ने कहा कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।