प्रयागराज के यमुनानगर क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हत्यारों ने युवक का सिर, हाथ और पैर काटकर नाले में फेंक दिया। पुलिस को मौके से युवक का धड़ बरामद हुआ है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।
प्रयागराज के यमुनानगर के लवायन कुरिया गांव में मंगलवार शाम एक नाले से 21 वर्षीय युवक का धड़ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर साफ था कि युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई है। शव के सिर, हाथ और पैर गायब थे।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान पता चला कि शाम करीब चार बजे एक महिला खेत में काम कर रही थी। तभी एक स्कूटी सवार युवक वहां आया और एक बड़े बैग से पॉलिथीन में लिपटा सामान नाले में फेंककर भाग गया। बाद में जब नाले से शव निकाला गया, तो वह युवक का धड़ निकला।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से स्कूटी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही साफ होगा कि युवक की हत्या कहां और किसने की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश की जा रही है।