प्रयागराज

यूपी में ठंड का अलर्ट! इस जिले में 3 डिग्री तक लुढ़का तापमान, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की आशंका

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का कहर जारी है। शीतलहर के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है, जिससे ठंड से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि इसके बाद एक बार फिर सर्दी के तेवर और तीखे होने के आसार हैं।

2 min read

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर लगातार जारी है। नए साल की शुरुआत भी प्रदेश के कई हिस्सों में जबर्दस्त कोहरे के साथ हुई। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने से सूरज के दर्शन भी मुश्किल हो गए। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आगरा और अलीगढ़ में हुई हल्की बूंदाबांदी

कई दिनों की कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद अब धूप निकलने से कई जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगरा और अलीगढ़ में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे का असर कम रहने की संभावना है।

तापमान में होगी हल्की बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को ठंड से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर सर्दी के तेवर तेज होने की संभावना जताई गई है।

34 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 2 जनवरी को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का असर बना रहेगा। प्रदेश के 34 जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में जीरो विजिबिलिटी तक रहने की आशंका जताई गई है।

यूपी में फिर बढ़ेगा पारा

बीते 24 घंटों में बाराबंकी उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा। वहीं गोरखपुर, हरदोई, अयोध्या, सुल्तानपुर, बरेली और शाहजहांपुर भी प्रदेश के सबसे ठंडे जिलों में शामिल रहे, जहां न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने की संभावना है और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Updated on:
02 Jan 2026 08:32 am
Published on:
02 Jan 2026 08:13 am
Also Read
View All

अगली खबर