पुणे

विधायक व प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारी को हटाया

ऐसे अधिकारियों पर सरकार तुरंत कार्रवाई करती है...
2 min read
• •
Updated: 19 Oct 2018, 9:55 PM IST
Feature image

(मुंबई,पुणे): भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक योगेश टिलेकर पर हफ्ता मांगने के मामले में अपराधिक मामला दर्ज करने वाले पुलिस निरीक्षक के तबादले के बाद राज्य में राजनीति गरमा गई है। इस मामले में जहां पूरा विपक्ष एक हो गया है और सरकार को घेरने में जुट गया है वही राज्य सरकार के अधिकारियों ने मौन रहना ही उचित समझा है । इस मामले में विपक्ष ने सरकार पर ईमानदार अधिकारीयों का मनोबल घटाने का आरोप लगाया है।


पुणे के हडपसर विधानसभा से भाजपा के विधायक व प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष योगेश टिलेकर तथा उनके भाई पर स्थानीय पुलिस अधिकारी मिलिंद गायकवाड ने एक ठेकेदार से हफ्ता वसूली के लिए धमकाने के आरोप में अापराधिक मामला दर्ज किया है। टिलेकर पर मामला दर्ज होने के ठीक दो दिन बाद ही मिलिंद और उनके सहयोगी अधिकारीयों का तबादला विशेष शाखा में कर दिया गया। विधान परिषद के विपक्ष नेता धनंजय मुंडे ने कहा कि भाजपा के शासन में कर्तव्यवान और निष्ठावान अधिकारियों की कोई कीमत नहीं रह गई। ऐसे अधिकारियों पर सरकार तुरंत कार्रवाई करती है। उधर मनसे ने भी पुणे में पुलिस अधिकारी गायकवाड के समर्थन में मौन जुलूस निकाला।


शिवसेना प्रवक्ता व विधायक नीलम गोर्हे ने कहा कि इस मामले में पुलिस अधिकारी की कोई गलती नहीं थी उन्होंने अपना कर्तव्य निभाया है। ऐसे में सरकार ने उनका तबादला कर यह साबित कर दिया है कि हफ्ता वसूली में टिलेकर का हाथ था । इस मामले में भाजपा का कोई भी नेता बोलने को तैयार नहीं है। उनके अनुसार यह मामला पुलिस की करवाई में है, जो सच है वह जांच में सामने आ ही जाएगा। पुणे में फायबर आप्टिकल का काम करने वाली एक कंपनी से टिलेकर तथा इनके अन्य दो साथियों ने 50 लाख रूपये की रंगदारी मांग की थी। कंपनी की ओर से रविन्द्र बराटे ने मामला दर्ज करा दिया ।

Published on: