- कांग्रेस विधायक ने कहा- प्रियंका गांधी आती हैं और लोगों को लड़वाकर चली जाती हैं दिल्ली- प्रियंका गांधी बहुत दिनों से अपराधियों को दे रही हैं संरक्षण- रियंका गांधी ही रच रही हैं यह साजिश
रायबरेली. कांग्रेस विधायक अदिति सिंह और जिला पंचायत सदस्यों पर हमले के बाद बढ़ा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में अब कांग्रेस पार्टी के ही एक विधायक ने बगावती सुर अपना लिए हैं। विधायक का गुस्सा किसी और पर नहीं बल्कि कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी पर ही फूट पड़ा है।
कांग्रेस विधायक का प्रियंका गांधी पर बड़ा आरोप
दरअसल कांग्रेस विधायक राकेश सिंह ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर बड़ा आरोप लगाया है। राकेश सिंह ने कहा कि वह रायबरेली आती हैं और लोगों को लड़वाकर दिल्ली चली जाती हैं। इसके बाद पांच साल तक रायबरेली के लोग आपस में ही लड़ते रहते हैं। राकेश सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी बहुत दिनों से अपराधियों को संरक्षण दे रही हैं।
प्रियंका गांधी ही रच रही हैं साजिश
रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक राकेश सिंह ने दावा किया कि प्रियंका गांधी ही यह साजिश रच रही हैं, जिसका परिणाम आने वाले समय में और खराब होगा। उनके पास इसकी पूरी जानकारी भी है। आपको बता दें कि हरचंदपुर विधानसभा सीट सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के अंतर्गत ही आती है।
प्रियंका गांधी के आरोप एकदम गलत
वहीं राकेश सिंह ने अपने दोनों भाइयों दिनेश सिंह और अवधेश सिंह का भी बचाव करते हुए कहा कि मेरे भाइयों पर प्रियंका गांधी के आरोप एकदम गलत हैं। प्रियंका गांधी को लगता है कि वह यहां पर दबाव बनाकर काम करेंगी। लोकसभा चुनाव में दिनेश सिंह बीजेपी की तरफ से रायबरेली में सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। कभी सोनिया और प्रियंका के खास रहे दिनेश सिंह के खिलाफ आज पूरी कांग्रेस पार्टी हमलावर हो गई है।
अदिति सिंह पर हुआ था हमला
आपको बता दें कि मंगलवार दोपहर को अदिति सिंह के काफिले पर हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश सिंह और उनके भाई अवधेश सिंह समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा अदिति सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह द्वारा उनपर जानलेवा हमला कराने का आरोप भी लगाया है।