
Four killed, two injured in collision between Tata qualis and tractor रायबरेली में हुए दर्दनाक हादसे में चार टाटा क्वालिस सवारों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। सभी लखनऊ से मौनी अमावस्या के अवसर पर महाकुंभ 2025 संगम में डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया। सभी को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने चार को मृत्यु घोषित कर दिया। एक की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना भदोखर थाना क्षेत्र की है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के बलदेव विहार तेलीबाग निवासी आशीष द्विवेदी, दीपेंद्र रावत, रजनी, माया, अनुज त्रिपाठी, शुभम, प्रभा नेगी मौनी अमावस्या पर संगम स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे थे। अभी वह भदोखर थाना क्षेत्र के रायबरेली प्रयागराज हाईवे पर दरियापुर चौराहे के निकट पहुंचे थे कि अचानक टाटा क्वालिस और ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। ट्रैक्टर ट्राली में बिल्डिंग मटेरियल लदा था। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े।
हादसा देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। लोगों ने राहत और बचाव कार्य चलाया। इसी बीच भदोखर थाना प्रभारी दयानंद तिवारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हमराही सिपाहियों और स्थानीय लोगों के साथ राहत और बचाव कार्य में तेजी कराया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां आशीष, दीपेंद्र, माया और रजनी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रभा की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया।
मृतक परिजनों ने बताया कि सुबह 4 बजे सभी लोग कार से प्रयागराज के लिए निकले थे। उन्हें क्या मालूम था कि यह स्थिति आने वाली है। गाड़ी आशीष द्विवेदी चला रहे थे। क्षेत्राधिकारी सदर अमित सिंह ने बताया कि घटना में चार लोगों की मौत हुई है। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य कानूनी कार्रवाई भी हो रही है।