रायगढ़

सुपरवाइजर की हत्या कर उसी की बाइक लेकर आरोपी भाग रहा था झारखंड, बीच रास्ते पर कीचड़ में फंसी, फिर…

Murder Case: भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी बदल कर चलाने की बात पर हुए विवाद के बाद पोकलेन चालक ने वाहन के बकेट से वार कर सुपरवाइजर को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद...
2 min read
• •
Updated: 14 Apr 2020, 5:04 PM IST
सुपरवाइजर की हत्या कर उसी की बाइक लेकर आरोपी भाग रहा था झारखंड, बीच रास्ते पर कीचड़ में फंसी, फिर...
सुपरवाइजर की हत्या कर उसी की बाइक लेकर आरोपी भाग रहा था झारखंड, बीच रास्ते पर कीचड़ में फंसी, फिर...

रायगढ़. हत्या (Murder) के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। धर्मेन्द्र प्रजापति (35) मिरजापुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। कुछ सालों से वह भूपदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित डोंगाढकेल में किराए के मकान में रह कर जिंदल यार्ड में केएसआर कंपनी के अंडर सुरपरवाइजर का काम कर रहा था। वहीं एहसान खान (30) निवासी झारखंड भी कुछ सालों से जिंदल मॉडल टाउन केराझर कॉलोनी में रह कर उसी कंपनी के अंडर जिंदल यार्ड में पोकलेन चालक का काम करता था।

एहसान पोकलने चालक था, लेकिन वह लोडर वाहन को भी चलाता था। 24 सितंबर की रात भी एहसान लोडर वाहन को चला रहा था, जिसे देख सुपरवाइजर धर्मेन्द्र ने उसे समझाया कि तुम पोकलेन चालक हो उसी वाहन को चलाओ। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया और हाथापाई की नौबत आ गई। इसे देख वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और दोनों को समझा-बुझाकर अलग-अलग कर दिया।

इसके बाद एहसान पोकलेन वाहन लेकर हॉपर तरफ काम करने चला गया। वहीं सुपरवाइजर अपना काम करने लगा। तभी घटना के करीब एक घंटा बाद धर्मेन्द्र हॉपर के पास देखने गया कि एहसान क्या काम कर रहा है। उसी बीच एहसान की नजर धर्मेन्द्र पर पड़ी और उसने देखा कि उक्त स्थान पूरी तरह सुनसान है तो आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और जान से मारने की नीयत से अपने वाहन के बकेट से धर्मेन्द्र के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे धर्मेन्द्र के सीना, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर रूप से चोट आई और वह वहीं स्थित गड्ढे में गिर गया। इसके बाद आरोपी पोकलेन को चालू हालत में छोड़ कर धर्मेन्द्र की बाइक को लेकर वहां से फरार हो गया।

आवाज सुन कर पहुंचा हेल्पर
घटना के बाद धर्मेन्द्र की सांसे चल रही थी। ऐसे में वह मदद के लिए हेल्पर प्रभु को पुकारने लगा। तभी प्रभु ने आवाज सुनकर मौके पर जाकर देखा तो उसे कुछ नहीं दिखा। चूंकि वहां अंधेरा था, ऐसे में प्रभु ने गौर से देखा तो गड्ढे के ऊपर उसे किसी का हाथ दिखा। इसके बाद हेल्पर ने पास जाकर देखा तो उसका सुपरवाइजर गंभीर हालत में पड़ा था। इसके बाद प्रभु ने घटना की सूचना अन्य कर्मचारियों को दी। फिर सभी कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो धर्मेन्द्र ने उन्हें एहसान द्वारा हमला करना बताया। इसके बाद उसके सहकर्मी उसे जिंदल अस्पताल लेकर गए। जहां देर रात उपचार के दौरान धर्मेन्द्र की मौत हो गई।

झारखंड भागने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी एहसान धर्मेन्द्र की बाइक लेकर डोंगाढकेल की ओर भागा। जहां कीचड़ में बाइक फंस गई तो आरोपी बाइक को वहीं छोड़ कर पैदल-पैदल किरोड़ीमलनगर पहुंच गया। जहां से वह लिफ्ट लेकर जिंदल के ट्रांसपोर्ट नगर एटीएम के पास पहुंचा। इसी बीच जिंदल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झारखंड भागने की तैयारी में था। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव का पीएम करा कर उसके परिजनों को सूचना दे दी है।

-गाड़ी बदल कर चलाने की बात पर हुए विवाद के बाद पोकलेन चालक ने सुपरवाइजर के ऊपर वाहन के बकेट से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर देर रात आरोपी के खिलाफ धारा 307 का अपराध दर्ज किया गया है। उपचार के दौरान सुपरवाइजर की मौत हो गई। ऐसे में आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड में भेज दिया गया है। उत्तम साहू, टीआई भूपदेवपुर

Updated on:
14 Apr 2020, 5:04 PM IST
Published on: