
Chhattisgarh Vidhan Sabha: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में आज महतारी वंदन योजना को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा। योजना में महिलाओं के नाम कटने को लेकर कांग्रेस विधायक ने मंत्री से सवाल किया। वहीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का जवाब सुन कांग्रेस ने सदन में जमकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए सदन वॉकआउट कर दिया।
प्रश्नकाल में महतारी वंदन योजना को कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सवाल किया। पूछा कि पहली किस्त के दौरान लाभार्थियों की संख्या 70.09 लाख थी, वहीं अब घटकर 68.54 लाख हो गए। करीब 1.55 लाख महिलाओं कटने की वजह पूछे। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि नाम मृत्यु, ई-केवाईसी नहीं होने, आयकरदाता बनने और अपात्र होने जैसी वजहों से हटाए गए हैं। जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की। हंगामे के चलते सदन का माहौल गरमा गया।
विधायक शेषराज हरबंस ने अंत्योदय कार्डधारियों को 7 किलो अतिरिक्त चावल देने की मांग की। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने राशन दुकानों में कथित तौर पर जबरन मसाले बेचने का आरोप लगाया। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि शिकायत और दस्तावेज मिलने पर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Mahtari Vandan Yojana 2026: महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी होने के दौरान भी कांग्रेस ने हितग्राहियों के नाम कटने को लेकर हमला बोला था। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया था कि योजना से 3 लाख से ज्यादा महिलाओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि योजना की शुरुआत में 70 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा था, लेकिन अब हर महीने लाभार्थियों की संख्या घटाई जा रही है। जबकि योजना शुरू होने के बाद भी 40 फीसदी महिलाएं इससे जुड़ नहीं पाई हैं।
इतना ही नहीं, योजना से जुड़ी वृद्धा एवं परित्यक्ता पेंशनधारियों को वंदन योजना के तहत मात्र 500 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि उन्हें 1500 रुपये महीना मिलना था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद योजना का लाभ देने में महिलाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। अब योजना से जुड़ी महिलाओं के नाम काटे जा रहे हैं। कांग्रेस ने योजना में भेदभाव का आरोप लगाते हुए सरकार से जवाब मांगा है।