
रायपुर/सूरजपुर. सांप का नाम सुनते ही हर किसी का कलेजा कौंध जाता है। यदि वह पास से गुजर जाए तो शरीर का खून सूख जाता है। अजगर सांप के डसने से हालांकि मौत तो नहीं होती है लेकिन यदि वह दिख जाए तो अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। ऐसा ही कुछ वाक्या सूरजपुर जिले के सिविल कॉलोनी स्थित एक योगा क्लास में सोमवार की सुबह हुआ।
सूरजपुर के सिविल कॉलोनी में योग शिक्षिका संतोषी गिरी द्वारा नियमित रूप से योग क्लास चलाया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां शामिल होती हैं। रोज की तरह महिलाएं व युवतियां योगा कर रही थीं। इसी बीच छत से विशालकाय अजगर आ गिरा। यह घटना सोमवार की है सुबह जब महिला योगा कर रही तो अचानक छत के उपर से करीब 10 फिट लंबा अजगर सांप आ गिरा। देखते ही देखते महिलाओं में भगदड़ मच गई।
अजगर को अपने बीच देख महिलाओं में भगदड़ मच गई। वे शोर मचाते हुए इधर-इधर भागने लगे। महिलाओं की चीख-पुकार सुन पूर्व विधायक रेणुका सिंह के बंगले में रहने वाले कुछ लोग समेत पास-पड़ोस के लोग पहुंचे और अजगर को काबू में कर नदी की ओर छोड़ा, तब कहीं जाकर महिलाओं की सांस में सांस आई। बताया जा है कि इस दौरान वहां बच्चे भी खेल रहे थे।
ऐसे में एक बड़ा हादसा टल जाने से मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली है। मोहल्ले के लोगों ने इस बात पर नाराजगी जताई है कि सिविल कालोनी होने के बाद भी कालोनी में साफ-सफाई का अभाव है। जहरीले सर्प आदि के खतरे को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने का आग्रह किया गया है।