रायपुर

लाखों छात्रों की परीक्षा दांव पर? रायपुर में बाइक से भेजे गए 10वीं-12वीं के प्रश्नपत्र, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…

CG Board Paper Leak Risk: रायपुर में गोपनीय परीक्षा सामग्री को बस और यहां तक कि बाइक से ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता पर चिंता बढ़ गई है।

2 min read
Feb 18, 2026
लाखों छात्रों की परीक्षा दांव पर? रायपुर में बाइक से भेजे गए 10वीं-12वीं के प्रश्नपत्र, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल...(photo-AI)

CG Board Exam 2026: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रश्नपत्रों के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी रायपुर में गोपनीय परीक्षा सामग्री को बस और यहां तक कि बाइक से ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता पर चिंता बढ़ गई है।

मंगलवार को रायपुर स्थित जेएन पांडेय स्कूल परिसर से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री रवाना की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ शिक्षक सीलबंद पैकेटों को दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक बसों से ले जाते नजर आए। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इस तरह की ढुलाई से प्रश्नपत्रों की गोपनीयता प्रभावित हो सकती है।

CG Board Exam 2026: निष्पक्षता पर सवाल

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा सामग्री के परिवहन और भंडारण में जरा सी चूक भी परीक्षा की निष्पक्षता पर असर डाल सकती है। बोर्ड परीक्षाएं लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी होती हैं, ऐसे में सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन जरूरी है। आमतौर पर प्रश्नपत्र सीलबंद पैकेटों में निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत भेजे जाते हैं। इस मामले में मंडल अधिकारियों से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

थानों में रखी जाएगी सामग्री

जानकारी के मुताबिक, संबंधित क्षेत्रों के थाना या चौकी में प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा तिथि के अनुसार तय समय पर इन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। हालांकि परिवहन के दौरान अपनाई गई व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।

आंकड़ों में बोर्ड परीक्षा

इस वर्ष प्रदेश में 10वीं के 6,839 स्कूलों के 3,21,571 विद्यार्थी 2,510 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। वहीं 12वीं के 4,231 स्कूलों के 2,45,859 विद्यार्थी 2,396 केंद्रों में शामिल होंगे। कुल मिलाकर 5,46,430 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। सीजी बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में गोपनीय सामग्री के परिवहन को लेकर उठे सवालों ने परीक्षा प्रबंधन की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर नई बहस छेड़ दी है।

Updated on:
18 Feb 2026 11:24 am
Published on:
18 Feb 2026 11:23 am
Also Read
View All

अगली खबर