रायपुर

तलाशी में मिले 2.50 करोड़ जब्त, 300 करोड़ के लेनदेन के दस्तावेज

कार्रवाई जारी : आईटी की जांच लोहा-कोयला कारोबारियों के 4 ठिकानों पर सिमटी- रायपुर और रायगढ़ स्थित दफ्तर और फैक्ट्री में जांच एक दिन और बढ़ी
less than 1 minute read
Dec 26, 2021
it_raid.jpg

रायपुर . आयकर विभाग की जांच लोहा और कोयला कारोबारियों के 4 ठिकानों पर सिमट गई है। शनिवार को तलाशी अभियान के चौथे दिन रायपुर और रायगढ़ स्थित मुख्य दफ्तर, गोदाम और फैक्ट्री में जांच चल रही है। तलाशी के दौरान उनके ठिकानों से करीब ढ़ाई करोड़ रुपए नगद मिले थे। इसे जब्त कर लिया गया है। वहीं 3 करोड़ की ज्वैलरी का हिसाब नहीं देने पर जब्त करने की तैयारी चल रही है।

कारोबारियों द्वारा करीब 300 करोड़ रुपए के कैश लेनदेन किए जाने के इलेक्ट्रानिक साक्ष्य और रसीदें मिली ही। जांच में इसके मिलने के बाद तलाशी का काम एक दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। बताया जाता है कि रविवार के देररात तक सभी ठिकानों पर जांच पूरी में विभागीय टीम जुटी हुई है।

30 बोरा सामान जब्त
कारोबारियों के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ स्थित 31 ठिकानों में तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में टैक्स चोरी से संबंधित दस्तावेज मिले है। इसके संबंध में कारोबारियों से पूछताछ करने और उनका बयान लेने के बाद इसे जब्त कर लिया गया है। बताया जाता है कि कारोबारियों के ठिकानों से रजिस्टर, लेनदेन की रसीदे, बैंक खातों का हिसाब, आय-व्यय, खर्च, फर्म का टर्न ओवर, निवेश, प्रापर्टी, जमीन और घर से संबंधित पेपर शामिल है। इनके संबंध में बैंक, स्थानीय जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है।

अधिकारी मोर्चे पर तैनात
छापेमारी के दौरान लगातार मिल रही गड़बड़ी को देखते हुए मुख्यालय से अधिकारियों को फील्ड में भेजा गया है। उन्हें दस्तावेजों की जांच करने और किसी भी तरह का संदेह होने पर तुरंत ही जब्त करने कहा गया है। बताया जाता है कि आयकर मुख्यालय रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग के अफसरों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ताकि टैक्स चोरी का मूल्यांकन किया जा सके।

Published on:
26 Dec 2021 03:35 pm