नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया है। इस नक्सली हमले में दो जवानों के शहीद होने की खबर आ रही है।
रायपुर . छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर जवानों को निशाना बनाया है। नक्सलियों ने सोमवार को बीजापुर के तुमनार और कुवेनार के बीच कुटेरू के पास आईईडी ब्लास्ट किया, जिसमें गश्त से लौट रहे जवानों से भरी बस आईईडी की चपेट में आई गई। मिली जानकारी के अनुसार आईईडी में हुए विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 2 जवान शहीद हो गए। जबकि एक एएसआई समेत 6 जवानों के घायल होने की खबर है।
डीआईजी पी संदुरराज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षा बलों की टुकड़ी घटनास्थल पर भेज दी गई है। वहीं घायल जवानों को इलाज के लिए बीजापुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों में एएसआई भोजराम मौर्या, आरक्षक सुखनाथ कुमार, पायकु आलम, मनोज वाचम, सुखराम मंडावी, मासाराम मडियम शामिल हैं।
नक्सलियों ने किया सीरियल ब्लास्ट
इससे पहले बीजापुर से भोपालपट्नम जाने वाली सड़क पर महादेव घाट में नक्सलियों ने एक के बाद एक सीरियल ब्लास्ट कर जवानों पर फायरिंग करने की खबर आ रही है। इस फायरिंग के बीच कई ग्रामीणों के फंसे होने की खबर मिल रही है।
मुठभेड़ के चलते सभी यात्री बसों को रोक दिया गया है। किसी भी बस को बीजापुर से आगे जाने नहीं दिया जा रहा है। सीआरपीएफ एवं नक्सलियों के बीच अभी भी फायरिंग चल रही है। बीजापुर से बासागुड़ा जाने वाली बस ब्लास्ट की चपेट में आने से बाल-बाल बची है।
पीएम के बीजापुर दौरे से पहले नक्सलियों का आतंक
बीजापुर के जांगला में प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के बीजापुर दौरे पर आने वाले है वे यहां आयुष्मान भारत योजना को देश को समर्पित करेंगे साथ ही कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे अब नक्सली पीएम मोदी के दौरे का विरोध कर रहे हैं नक्सलियों ने बीजापुर भोपालपट्टनम सड़क पर महादेव घाट के पास बड़ी संख्या में पोस्टर्स और बैनर्स फेंके हैं।