रायपुर

बलौदाबाजार, जांजगीर चांपा समेत इन 4 जिलों के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी, सड़क, पुल निर्माण के लिए 230 करोड़ रुपए जारी

Chhattisgarh News: साय सरकार ने बलौदाबाजार, जांजगीर चांपा, कांकेर और बीजापुर जिले को बड़ी सौगात दी है। सड़क और पुल निर्माण के पांच कार्यों के लिए 230 करोड़ रुपए जारी किए हैं…
2 min read
• •
Sep 29, 2026
new road news
Photo - AI Generate

Chhattisgarh Sai Govt: छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग ने सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए चार जिलों को बड़ी सौगात दी है। साय सरकार ने आम जनता के आवागमन को सुगम बनाने के लिए 230 करोड़ रुपए जारी किए। बालौदाबाजार, जांजगीर चांपा, कांकेर और बीजापुर में सड़क एवं पुल निर्माण तथा सड़क मजबूतीकरण के पांच महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर राशि जारी किए हैं।

Chhattisgarh News: आम जन को मिलेगी राहत

इन निर्माण कार्यों से लंबे समय से सड़क संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क और पुल बनने से आवागमन में लगने वाला समय कम होगा, दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा। स्थानीय स्तर पर व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवागमन को भी इसका लाभ मिलेगा।

अलग-अलग कार्यों के लिए राशि जारी

जांजगीर-चांपा जिले में अकलतरा–बाराद्वार मार्ग के 6.70 किलोमीटर निर्माण के लिए ₹102.59 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी जिले में बलौदा में 10 किलोमीटर रिंग रोड निर्माण के लिए ₹70.09 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। दोनों कार्य वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल हैं। रिंग रोड के निर्माण से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

कांकेर जिले के कोटाभाठ-माटवाड़ा सोटी मार्ग पर 2/4 ड्रॉप नाले में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए ₹16.15 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। पुल बनने से बरसात के दौरान आवागमन में आने वाली परेशानियों को दूर करने तथा मार्ग को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

बलौदाबाजार के लिए 23.12 करोड़ रुपए जारी

बलौदाबाजार जिले में सुहेला चौक तिगड्डा से जुड़े तीन मार्गों पर कुल 3.60 किलोमीटर डिवाइडर एवं लाइटयुक्त सड़क के निर्माण के लिए ₹23.12 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होने के साथ सड़क उपयोग करने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

वहीं बीजापुर जिले में बीजापुर-आवापल्ली-बासागुड़ा-जगरगुण्डा मार्ग के 37.10 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए ₹18.94 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क के मजबूतीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ दूरस्थ इलाकों का सड़क संपर्क भी मजबूत होगा।

आम लोगों को सीधा लाभ

लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत ये कार्य केवल सड़क और पुल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध आम लोगों की रोजमर्रा की सुविधाओं से है। खराब सड़कों, लंबे मार्गों, यातायात दबाव और बरसात में आवागमन की समस्याओं से लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने में ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। बेहतर सड़क अधोसंरचना से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
29 Sept 2026 04:09 pm
Published on:
29 Sept 2026 04:09 pm