
Chhattisgarh News: IITF 2026 में छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प और हैंडलूम की धूम(photo-patrika)
Chhattisgarh News: नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक हैंडलूम उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब’ (Koshal Fab Heritage Reimagined) के आधिकारिक कैटलॉग का विमोचन किया। इस दौरान वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कैटलॉग विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक बुनकरों और शिल्पकारों की कला को आधुनिक स्वरूप देने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘कोशल फैब’ का कैटलॉग ग्रामीण बुनकरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थागत खरीदारों से सीधे जोड़ने में मददगार साबित होगा। इसके जरिए B2B और रिटेल बाजार में भी राज्य के हैंडलूम उत्पादों को पहचान मिलेगी।
‘कोशल फैब’ के कैटलॉग में चांपा की कोसा सिल्क, अलसी फैब्रिक और सरगुजा के बैगा सूती वस्त्रों से तैयार आधुनिक परिधानों को शामिल किया गया है। इनमें ऑफिस वियर, जैकेट्स, कुर्तियां और स्ट्राइप्ड फॉर्मल शर्ट्स प्रमुख हैं। इसके अलावा पर्यावरण अनुकूल हैंडलूम योगा मैट और होम डेकोर उत्पादों को भी जगह दी गई है।
मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने ‘शिल्प कुंज’ और ‘कोशल फैब’ के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुकमा और बस्तर की जनजातीय महिला शिल्पकारों से बातचीत की और उनके बनाए उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने महिला कारीगरों द्वारा तैयार किए गए प्लश टॉयज (सॉफ्ट टॉयज), बेलमेटल, टेराकोटा और बांस शिल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं और बुनकरों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आधुनिक डिजाइन, ब्रांडिंग और राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘कोशल फैब’ की प्रदर्शनी में डिजिटल तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। स्टॉल और उत्पादों पर QR कोड लगाए गए हैं। ग्राहक इन्हें स्कैन करके उत्पाद बनाने वाले कारीगर और छत्तीसगढ़ की बुनकर विरासत से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इससे ग्राहकों को उत्पाद के पीछे की कला और कारीगर की मेहनत को जानने का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी में प्राकृतिक रेशों, कोसा-अलसी और शुद्ध सूती हैंडलूम से तैयार जैकेट्स, कुर्तियां, फॉर्मल शर्ट्स और हैंडलूम बैग प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही पारंपरिक बॉर्डर और सूती बुनाई से तैयार इको-फ्रेंडली योगा मैट भी आकर्षण का केंद्र हैं। IITF-2026 के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हस्तशिल्प, बुनकरों की कला और आधुनिक उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
22 Nov 2026, 6:13 PM IST
Published on:
22 Nov 2026, 6:13 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




