आधी रात युवक को चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में चार-पांच लोग युवक को दौड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
रायपुर . छत्तीसगढ़ में आधी रात युवक को चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में चार-पांच लोग युवक को दौड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। युवक देर रात तक मोबाइल में बातचीत करता रहता था। पुलिस संदेहियों को पकडक़र पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक रायपुर के बीरगांव के पुरानी बस्ती निवासी दानेश्वर उर्फ गोलू साहू (25) की रविवार की रात अज्ञात युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। उसका शव रात करीब 12 बजे बस्ती में रामानंद देवांगन की किराना दुकान के पास खून से लथपथ पड़ा मिला। उसकी गर्दन और चेहरे पर चाकू से वार किया गया था। इससे काफी मात्रा में खून बह गया और उसकी मौत हो गई। घटना स्थल पर मृतक का मोबाइल और एक जोड़ी चप्पल मिली है। चप्पल को आरोपियों की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी उस समय हुई, जब दुकान के आसपास की कुछ महिलाएं रात में उठीं। गली में मृतक का शव देखकर हडक़ंप मच गया। इसके बाद मृतक के दोस्तों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद उरला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। देर शाम तक कुछ संदेहियों को पकड़ा गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
घटना स्थल के आसपास जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिसमें कुछ लोग इस युवक को दौड़ाते हुए दिखे हैं। युवकों ने मृतक को पीछे से चाकू मारा और भाग निकले। फुटेज में चेहरे स्पष्ट नहीं दिखने से पुलिस उनकी पहचान नहीं कर पा रही है। हालांकि आखिरी बार मृतक जिसके साथ दिखा था, पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस आधार पर कुछ संदेहियों को पकड़ लिया गया है।
हत्या में इस्तेमाल चाकू और कुछ अन्य संदेहियों की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि मृतक कारपेंटर था। और डीजे व वीडियोग्राफी का काम भी करता था। घटना वाली रात वह गणेश विसर्जन करने वाले कुछ युवकों के साथ गया था। उनसे भी विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा पकड़े गए संदेहियों से अन्य बिंदुओं में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
मोहल्ले वालों के मुताबिक युवक काफी शांत और अपने काम से काम रखने वाला था। वह देर रात तक मोबाइल से किसी से बात करते रहता था। वह बस्ती के दूसरी गली में बात करते हुए जाता था। घटना स्थल उसके घर से करीब 300 मीटर दूर है। सूत्रों के मुताबिक युवक की हत्या होते हुए आसपास के कुछ लोगों ने भी देखा है, लेकिन आरोपियों के डर के चलते कुछ बताने से पीछे हट रहे हैं।