रायपुर

कोरवा आश्रम के टूटी खिड़की से भाग निकलीं 7 छात्राएं, भागने के दौरान हुई ऐसी अनहोनी, जिसे सुनकर कांप उठती हैं

कोरवा आश्रम के टूटी खिड़की से भागीं ७ छात्राएं अब घटना का वृतांत सुनकर कांप उठती हैं।
2 min read
• •
Oct 11, 2017
Korwa Ashram girls students

अंबिकापुर/बतौली/रायपुर. कोरवा आश्रम के टूटी खिड़की से भागीं ७ छात्राएं अब घटना का वृतांत सुनकर कांप उठती हैं। बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम भटको में पहाड़ी कोरवा आश्रम से सुबह करीब 5.30 बजे ७ छात्राएं टूटी खिड़की से भाग निकलीं। सभी छात्राएं खेत के रास्ते भाग रही थी कि अचानक कक्षा पहली की छात्रा ग्राम पंचायत करदना के बागपानी निवासी सुशीला (१०) पिता बीरबल वहां झूल रहे तार की चपेट में आ गई। तार से चिपक जाने से वह घायल हो गई।

यह देख बाकी छात्राएं घर न जाकर दोबारा आश्रम की ओर लौट आईं। इसकी जानकारी रसोइया को दी। रसोइया तत्काल टांगी लेकर पहुंची और तार काटकर छात्रा को अलग किया। इसके बाद उसने घटना की सूचना अधीक्षिका को दी गई। अधीक्षिका मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त जेआर नागवंशी व एसडीओ राजीव पाठक हॉस्टल पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की। कलक्टर किरण कौशल ने लापरवाही बरतने पर आश्रम की अधीक्षिका मंजू देवी और सुरक्षा गार्ड प्रेमवती राजवाड़े को तत्काल निलंबित करने के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला सेनानी को दिये हंै। इसके साथ ही बतौली के मण्डल संयोजक जयदीप गोविंद को भी शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में कोताही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। पहाड़ी कोरवा आश्रम का प्रभाार प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास बतौली की अधीक्षिका कपिला केरकेट्टा को सौंपा गया है।

नहीं लगता था मन
बताया जा रहा है कि मृतका सहित भागने वाली छात्राओं का मन पढ़ाई में नहीं लगता था। रक्षाबंधन की छुट्टी पर भी सभी अपने घर गईं थीं तो लौटकर नहीं आई थीं। कुछ दिन पूर्व ही हॉस्टल प्रबंधन द्वारा उन्हें उनके घर से लाया गया था इसलिए उनका मन पढऩे में नहीं लग रहा था। सभी ने योजना बनाकर टूटी खिड़की से भाग निकलीं।

Published on:
11 Oct 2017 03:50 pm