
रायपुर . वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम की 6 साल बाद कांग्रेस में वापस हो गई। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने छत्तीसगढ़ दौरे पर आए राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अरविंद नेताम की कांग्रेस में वापसी की औपचारिक घोषणा की। नेताम की वापसी को लेकर उनके समर्थकों ने काफी खुशी जताई है। माना जा रहा है नेताम की कांग्रेस में वापसी के बाद आदिवासियों के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ेगा।
बतादें कि नेताम की वापसी को लेकर पार्टी आलाकमान ने पहले की संकेत दे दिए थे। बस औपचारिकता ही शेष बची थी। पिछले दिनों पीएल पुनिया और राष्ट्रीय सचिव अरुण उरांव के साथ नेताम की दो-तीन बार मुलाकात ने उनकी वापसी के संकेत दे दिए थे। इन बैठकों में कांग्रेस नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी को नेताम की जरूरत और उनको पार्टी की जरूरत बता दी है।
संगमा का समर्थन कर निलंबित हुए थे नेताम
अरविंद नेताम को जून 2012 में कांग्रेस ने निलंबित कर दिया था। उन्होंने यूपीए की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार प्रणव मुखर्जी के खिलाफ पूर्व लोक सभा अध्यक्ष और आदिवासी नेता पीए संगमा का समर्थन किया था। बाद में वे संगमा की पार्टी में शामिल हो गए। जनवरी 2017 में उन्होंने जय छत्तीसगढ़ पार्टी का पुनर्गठन किया।
दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे राहुल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ यात्रा पर गुरुवार को रायपुर पहुंचे। राहुल दो दिन में ६ बड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर चुनावी शंखनाद करेंगे। नवम्बर-दिसम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। राहुल के दौरे से कांग्रेस उत्साहित है और जमीन कार्यकर्ता एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं।