
रायपुर। किसी भी स्थिति में, फूड होम डिलीवरी एक अच्छा विकल्प है। इससे न केवल आपको को आपका खाना समय पर मिलता है, बल्कि इससे समय की बचत भी होती है। वर्तमान परिदृश्य में, किसी भी प्रकार का विदेशी संपर्क न रखना जीवनदायी साबित हो सकता है। किराने का सामान हो या कोई अन्य सामान खरीदने के लिए घर से बाहर निकलने के साथ आने वाले जोखिमों से हम सभी अच्छी तरह वाकिफ हैं।
इसलिए, ऑनलाइन ऑर्डर करना और पैकेज को सुरक्षित रूप से प्राप्त करना ही इस समय सुरक्षित है ।अगर आप ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं तो आपके लिए ये जानना जरूरी हो जाता है कि इस दौरान आपके साथ ठगी भी हो सकती है, क्योंकि जालसाज लोगों को ठगने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। इसलिए ऑनलाइन खाना मंगवाते समय आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए, ताकि आप सुरक्षित रह सके। तो चलिए इस बारे में जानते हैं।
App का रखें ध्यान
जब भी आप खाना ऑनलाइन ऑर्डर कर रहे हैं, तो आपको ये सुनिश्चित करना है कि आप किस एप से ऑर्डर कर रहे हैं। हमेशा विश्वसनीय एप से ही खाना ऑर्डर करना चाहिए, क्योंकि कई एप नकली होती हैं जो आपका डाटा चुरा लेती हैं।
अनजाने लिंक्स को न करें टच
आप जब भी ऑनलाइन खाना ऑर्डर करें, तो किसी अनजाने लिंक्स से ऑर्डर न करें। दरअसल, ये एप फर्जी होती हैं और जालसाज इनके जरिए आपके डाटा के अलावा आपकी बैंकिंग जानकारी चुराकर आपको चपत तक लगा सकते हैं। इसलिए ऐसी एप से सावधान रहें।
रेटिंग और रिव्यू पर ध्यान दें
आप जिस भी एप से खाना ऑर्डर कर रहे हैं, उसकी रेटिंग और रिव्यू जरूर पढ़ें। यहां पर लोग अपने फीडबैक शेयर करते हैं और अगर एप फर्जी है या कोई और दिक्कत है, तो शायद आपको यहां पता चल जाए।
इसके अलावा आप जब भी किसी फूड एप पर ऑनलाइन पेमेंट कर रहे हैं, तो वन टाइम पासवर्ड यानी ओटीपी के जरिए ही पेमेंट करें। कई लोग पासवर्ड का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ऐसा करने से बचना चाहिए।
पेमेंट का ध्यान
ज्यादातर लोग ऑनलाइन खाना मंगवाते समय ऑनलाइन ही पेमेंट कर देते हैं, लेकिन इस दौरान आपको ध्यान देना है कि आप पेमेंट किस गेटवे से कर रहे हैं और ये कितना सुरक्षित है। कहीं पेमेंट करते समय ये आपके मोबाइल की परमिशन तो नहीं मांग रहा या आपकी बैंकिंग जानकारी को अपने एप पर सेव तो नहीं कर रहा आदि। आपकी एक छोटी सी गलती आपको चपत लगवा सकती है।