
छत्तीसगढ़ जब मध्यप्रदेश से अलग होकर राज्य बना तब यह बिजली के मामले में सरप्लस स्टेट था। शहर से लेकर गांवों-कस्बों तक चौबीसों घंटे सभी को पर्याप्त बिजली उपलब्ध थी। हम दूसरे राज्यों को बिजली बेचने भी लगे थे। फिर धीरे-धीरे व्यवस्थाएं गड़बड़ाने लगी। सरप्लस स्टेट से हम सामान्य बिजली उपलब्धता वाले प्रदेश हो गए।
बिजली उत्पादन के लिए प्रदेश में नई व्यवस्था उस तरह से नहीं की गई, जिस तरह से यहां विकास व जनसंख्या बढ़ी। और उसके साथ-साथ बिजली की मांग बढ़ती गई। प्रदेश में मांग के हिसाब से बिजली की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। धीरे-धीरे करके बिजली महंगी भी होती जा रही है।
अब होने यह लगा है कि प्रदेश में पूरे समय बिजली मिल नहीं रही है, पर बिल बढ़ता जा रहा है। अभी चार दिन पहले ही फिर से बिजली दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। आम उपभोक्ताओं को बिजली का जोर का झटका जोर से ही लग रहा है। हालांकि बिजली विभाग इसके बाद भी खुद की पीठ ठोक कर वाहवाही इस बात के लिए कर रहा है कि विद्युत दरों में वृद्धि के बावजूद ये दरें झारखंड, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र राज्य की विद्युत दरों से कम हैं।
यह तो हुई बात महंगी बिजली की। और अब बात करें सुचारू बिजली व्यवस्था की। प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से गड़बड़ाई हुई है। मेंटेनेंस सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। इस वजह से हल्की सी भी हवा चलती है या बारिश की दो बूंदें भी बरसती है, बिजली गुल हो जाती है। पूरे प्रदेश में बिजली गुल होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
सबसे बुरी स्थिति तो राजधानी और स्मार्ट सिटी रायपुर की है, जहां पूरा शासन-प्रशासन बैठा हुआ है, वहां रोजाना दो-तीन बार तो कहीं-कहीं पर पांच-छह बार तक बिजली गुल हो जाती है। इस बात से परेशान स्मार्ट कैपिटल सिटी रायपुर के लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह से टिप्पणी और व्यंग्य कर रहे हैं। लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि बिजली विभाग को आम उपभोक्ताओं का बहुत ख्याल है, वह चाहता है कि महंगी बिजली की वजह से बिल पटाने में उनकी जेबें ढीली न हों, इसलिए रोजाना बिजली गुल कर देता है।
साथ ही बिजली कटौती व खस्ताहाल व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। बिजली विभाग और सरकार इस ओर ध्यान दे, मेंटेनेंस सही तरीके से करे, ताकि सभी मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सके।-अनुपम राजीव राजवैद्य anupam.rajiv@in.patrika.com
संबंधित विषय:
Updated on:
19 Jun 2026 03:24 am
Published on:
19 Jun 2026 03:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
