6 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अर्ली रिटायरमेंट: समय पर अपने पसंद के जीवन की शुरुआत

अर्ली रिटायरमेंट केवल नौकरी छोड़ने का फैसला नहीं, बल्कि आर्थिक स्वतंत्रता के साथ जीवन की नई दिशा चुनने की सोच है।
3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Opinion Desk

Aug 06, 2026

early retirement

early retirement

गोपेश शर्मा, (चार्टर्ड इंजीनियर एवं लेखक)

भारत में एक नया सामाजिक बदलाव चुपचाप आकार ले रहा है। यह किसी सरकारी नीति का परिणाम नहीं है और न ही किसी आंदोलन का हिस्सा, लेकिन आने वाले वर्षों में इसका प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था, कार्य संस्कृति और सामाजिक संरचना पर दिखाई दे सकता है। यह बदलाव है अर्ली रिटायरमेंट, यानी आर्थिक रूप से इतना सक्षम हो जाना कि व्यक्ति पारंपरिक सेवानिवृत्ति आयु का इंतजार किए बिना अपनी पसंद का जीवन चुन सके।

आइटी, कॉर्पोरेट, बैंकिंग, सार्वजनिक उपक्रमों और स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग अपने कॅरियर के मध्य में ही आर्थिक स्वतंत्रता की योजना बनाने लगे हैं। पहली नजर में यह प्रवृत्ति चौंकाने वाली लग सकती है। जिस देश में हर वर्ष लाखों युवा रोजगार की तलाश में निकलते हैं, वहां लोग स्वेच्छा से नौकरी छोडऩे की बात क्यों कर रहे हैं? लेकिन यदि इस प्रवृत्ति को व्यापक राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो यह केवल नौकरी छोडऩे की कहानी नहीं, बल्कि बदलते भारत की नई सोच का संकेत है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। डिजिटल तकनीक ने आय के नए स्रोत बनाए हैं, निवेश के विकल्प बढ़े हैं और उद्यमिता को नई पहचान मिली है। ऐसे में युवा पीढ़ी जीवन को केवल वेतन और पद से नहीं, बल्कि समय, स्वतंत्रता और संतुलन से भी आंकने लगी है। कोविड-19 महामारी ने इस सोच को और गति दी। उस दौर ने यह एहसास कराया कि जीवन अनिश्चित है और परिवार, स्वास्थ्य तथा मानसिक शांति का कोई विकल्प नहीं है। अनेक लोगों ने पहली बार गंभीरता से सोचना शुरू किया कि क्या जीवन का सबसे सक्रिय और ऊर्जावान समय केवल कार्यालयों की जिम्मेदारियों एवं वर्क फ्रॉम होम संस्कृति के तहत बंद कमरे में ही बीत जाना चाहिए, या फिर आर्थिक आत्मनिर्भरता प्राप्त कर जीवन के दूसरे सपनों को भी समय दिया जा सकता है। यही प्रश्न आज अर्ली रिटायरमेंट की अवधारणा को सामाजिक विमर्श का विषय बना रहा है।

अर्ली रिटायरमेंट का अर्थ काम छोडऩा नहीं, बल्कि काम के स्वरूप को बदलना है। आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने के बाद व्यक्ति वेतन के बजाय अपनी रुचि और उद्देश्य के अनुरूप उद्यमिता, परामर्श, शिक्षा, लेखन, कृषि या सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में योगदान दे सकता है। यह सोच बचत, निवेश और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को बढ़ावा देती है। साथ ही, वरिष्ठों के योजनाबद्ध रूप से नई भूमिकाएं अपनाने से युवाओं को नेतृत्व और रोजगार के अधिक अवसर मिलते हैं। इस तरह अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन और युवाओं की नई ऊर्जा मिलकर संस्थानों तथा देश के विकास को गति दे सकती है। अर्ली रिटायरमेंट केवल व्यक्तिगत विकल्प नहीं, बल्कि देश की बदलती अर्थव्यवस्था, उद्यमिता और सामाजिक संरचना से भी जुड़ा विषय है। आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर अनुभवी लोग अपनी दूसरी पारी में स्टार्टअप, स्वरोजगार या अन्य उद्यम शुरू कर सकते हैं, जिससे नए रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। वहीं महानगरों में वर्षों का अनुभव रखने वाले लोग यदि अपने गृह नगरों या गांवों में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास और स्थानीय उद्योगों से जुड़ते हैं, तो क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सकती है।

हालांकि, इस पूरी चर्चा का दूसरा पक्ष भी उतना ही महत्वपूर्ण है। केवल आकर्षण या भावनात्मक आवेग में लिया गया ऐसा निर्णय भविष्य में आर्थिक असुरक्षा का कारण बन सकता है। यह भी ध्यान रखना होगा कि सभी क्षेत्रों में समय पूर्व सेवानिवृत्ति समान रूप से उपयुक्त नहीं हो सकती। दरअसल, भारत को 'अर्ली रिटायरमेंट' से अधिक 'उत्पादक दूसरी पारी' की संस्कृति विकसित करने की आवश्यकता है। जिसमें व्यक्तिनौकरी से मुक्त होकर समाज से और अधिक गहराई से जुड़े। वह अपने अनुभव का उपयोग युवाओं को मार्गदर्शन देने, नए उद्योग स्थापित करने, सामाजिक संस्थाओं से जुडऩे, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास, शिक्षा और सामुदायिक नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में करे। भारत आज विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश को ऐसे नागरिकों की भी आवश्यकता होगी जो आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हों, मानसिक रूप से संतुलित हों और अपने अनुभव का उपयोग समाज के हित में कर सकें।