रायपुर

छत्तीसगढ़ के पहले HEMM प्लांट को मिली मंजूरी, शंकर लाल अग्रवाल बने स्वतंत्र निदेशक

BEML Independent Director: मुंगेली में छत्तीसगढ़ का पहला HEMM प्लांट स्थापित होगा। BEML को चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ सरकारी जमीन रियायती दर पर देने की मंजूरी मिली है।
2 min read
Aug 19, 2026
BEML Mungeli Plant
BEML बोर्ड में शंकर लाल अग्रवाल की एंट्री (photo source- Patrika)

BEML Mungeli Plant: भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) ने छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के निदेशक मंडल में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर लाल अग्रवाल को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, मुंगेली जिले में प्रदेश का पहला हैवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट (HEMM) प्लांट स्थापित करने की दिशा में भी राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण मंजूरी दी है।

BEML Mining Equipment: BEML बोर्ड में शंकर लाल अग्रवाल की नियुक्ति

भारत सरकार ने BEML के निदेशक मंडल में शंकर लाल अग्रवाल को स्वतंत्र निदेशक के रूप में शामिल किया है। रक्षा, एयरोस्पेस, रेलवे और खनन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करने वाली मिनीरत्न कंपनी के नीति-निर्धारण और भविष्य की विकास योजनाओं में स्वतंत्र निदेशक की भूमिका अहम मानी जाती है। इस नियुक्ति को कंपनी में बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और नीतिगत मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह ‘मेक इन इंडिया’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है।

मुंगेली में बनेगा प्रदेश का पहला HEMM प्लांट

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मुंगेली जिले की पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में BEML को 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। यह स्थान बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में संयंत्र के लिए सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। प्रस्तावित इकाई छत्तीसगढ़ का पहला HEMM प्लांट होगी।

बुलडोजर से एक्सकेवेटर तक बनेंगे

संयंत्र में खनन, निर्माण और उत्खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनरी का निर्माण किया जाएगा। इनमें बड़े बुलडोजर, डंपर और हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर जैसी मशीनें शामिल होंगी। इससे राज्य में भारी मशीनरी निर्माण के क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

BEML Plant Chhattisgarh: हजारों लोगों को रोजगार की उम्मीद

प्रस्तावित संयंत्र से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार, करीब 1,500 से 2,500 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार और लगभग 8,000 से 10,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। BEML का यह प्रोजेक्ट मुंगेली के औद्योगिक विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भारी मशीनरी निर्माण और स्थानीय रोजगार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Updated on:
19 Aug 2026 03:25 pm
Published on:
19 Aug 2026 03:25 pm