Lightning Accident News: दुनिया में आने के बाद जिस बहन ने पहली बार उसे गोद में लिया, उसी बहन के सामने ही प्रभात इस दुनिया के विदा हो गया।
Lightning Accident News: छत्तीसगढ़ के रायपुर काल के क्रूर हमले का शिकार बना प्रभात साहू न केवल माता-पिता बल्कि बहनों का भी लाडला था। दुनिया में आने के बाद जिस बहन ने पहली बार उसे गोद में लिया, उसी बहन के सामने ही प्रभात इस दुनिया के विदा हो गया। बिजली गिरने के बाद घटनास्थल पर पहुंची बहन रोती रही और मौत पल-पल भाई की सांसे छीनती रही। यह दृश्य देखकर बहन की डबडबाई आंखें पथरा गईं। वह निढाल होकर गिर गई।
आकाशीय बिजली ने बुधवार को विजेता कॉम्पलेक्स के बी ब्लॉक में मातम पसरा दिया। प्रभात की मौत ने हर किसी को गमगीन कर दिया। प्रभात अमलीडीह के सेंट जोसेफ हायर सेकंडरी स्कूल में 10वीं का छात्र था। दोपहर में स्कूल मैदान में छात्रों के साथ खेलते समय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसकी बड़ी बहन प्रेरणा भी स्कूल में थी। वह 12वीं की छात्रा है। वह अपनी सहेलियों के साथ थी।
मैदान में उसके छोटे भाई प्रभात पर बिजली गिरने की जानकारी मिली, तो मौके पर पहुंची। उस समय प्रभात की अंतिम सांसें चल रही थी। बहन के सामने ही कुछ देर बाद उसकी सांसें थम गईं।
बहनों का लाडला था प्रभात की दो बड़ी बहनें हैं। प्रेरणा उसी के स्कूल में हैं। दूसरी बड़ी बहन कॉलेज में हैं। छोटा होने के कारण दोनों बहनों का लाडला था। घटना से पूरा परिवार सदमे में है। मां को बड़ी मुश्किल से संभाला गया। महिलाएं उन्हें लगातार सांत्वना देती रही।
घटना के बाद प्रभात को तत्काल एक निजी अस्पताल में ले गए। स्कूल के प्राचार्य और उनके परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में उसके दोस्त भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के बाहर दोस्तों की आंखों में भी आंसू छलक रहे थे। उनके दोस्तों ने बताया कि वह पढ़ाई करके बिजनेसमैन बनना चाहता था। उसकी कॉलोनी में भी बड़ी संख्या में उसके दोस्त और मोहल्ले वाले थे। सभी गमगीन थे।
घटना से प्रभात के दोस्त दुखी और दहशत में हैं। उन्होंने बताया कि सभी मैदान में एक साथ खेल रहे थे। इस दौरान तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। कुछ क्षण बाद जलने के कारण प्रभात की पीठ और छाती से हल्का धुआं निकला। इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा।
सभी दौडक़र वहां पहुंचे, तो वह बेसुध हो चुका था। हल्की सांसें चल रही थी। एक और छात्र को बिजली का हल्का असर हुआ है। घटना के बाद थोड़ी देर के लिए वहां चीख-पुकार मच गई। सभी छात्र-छात्राओं को स्कूल के भीतर भेजा गया। प्रभात को अस्पताल ले गए।
शहर में बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले खम्हारडीह इलाके में छत में मोबाइल पर वीडियोगेम खेल रहे दो युवकों की बिजली गिरने से मौत हो गई थी। पिछले साल नवा रायपुर में बिजली की चपेट में आने से भाई-बहन की मौत हो गई थी।