
रायपुर. Chhattisgarh BJP News: छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के नेतृत्व में बीजेपी विधायकों की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में शामिल होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह (Chhattisgarh Former CM Raman Singh) ने मीडिया से बातचीत में कहा, विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियों पर चर्चा होगी। इसके साथ विधानसभा सत्र को लेकर भी रणनीति बनेगी। बैठक में शामिल होने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता-प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित कई विधायक पहुंचे।
इससे पहले भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश के साथ रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ छत्तीसगढ़ के लोगों के भारी आक्रोश है। प्रदेश के लोगों के बीच कांग्रेस की नाकामयाबी को हम लेकर जाएंगे। 2023 में बड़ा बदलाव होगा। यूपी चुनाव के बाद अब भाजपा का फोकस छत्तीसगढ़ की ओर होगा। प्रदेश के लगातार दौरे पर उन्होंने कहा कि ये संगठन की सामान्य प्रक्रिया है।
संगठन के कार्यक्रमों की ली जानकारी
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर डी. पुरंदेश्वरी और शिव प्रकाश का भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश के भाजपा महामंत्रियों और संभाग प्रभारियों की आयोजित बैठक में संगठन के कार्यक्रमों को जाना। उन्होंने कांग्रेस सरकार की नाकामियों को लोगों को तक पहुंचाने के लिए किए गए कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली गई।
आज सांसदों और विधायकों के साथ बैठक
शनिवार को शिवप्रकाश और पुरंदेश्वरी सुबह 10 बजे विधायकों की तथा 11.30 से 1.30 बजे तक सांसदों की बैठक लेंगीं। दोपहर 3.00 से 5.00 बजे तक कोर कमेटी की बैठक लेने के बाद दोनों नेता दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बताया जा रहा है कि पुरंदेश्वरी इस दौरे में ये देखेंगी कि पिछले दिनों किन मुद्दों को किस तरह से भाजपा ने उठाया। इसके साथ ही सात मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र में सरकार को किन-किन मुद्दों पर घेरा जाएगा, इसकी रणनीति भी बनाई जाएगी।
जिला अध्यक्षों के बदलाव भी सुगबुगाहट
पुरंदेश्वरी के दौरे के दौरान भाजपा के निष्क्रिय कुछ जिला अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को बदलने के संकेत मिल रहे है। बैठक में इस पर भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद प्रदेश संगठन द्वारा बदलाव किए जाएंगे।