रायपुर

अटल का अस्थि कलश लेने आए कांग्रेस नेताओं का भाजपा कार्यालय पर धावा, थाने में शिकायत दर्ज

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदर्शन और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की।
2 min read
Oct 17, 2018
cg election 2018
नगर निगम

रायपुर. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदर्शन और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी शिकायत में कहा कि मुख्यमंत्री रमन सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेता जब पार्टी कार्यालय में मौजूद थे उस वक्त कांग्रेस नेता करुणा शुक्ला, किरणमयी नायक और विनोद तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता घुसने का प्रयास कर रहे थे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पूछा कि पुलिस जांच कर पता लगाए कि कांग्रेस के नेता किस मानसिकता से भाजपा कार्यालय में घुसने का प्रयास कर रहे थे।

बतादें कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश लेने के लिए कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी और पूर्व सांसद करुणा शुक्ला के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। करुणा शुक्ला का आरोप था, भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की अस्थिकलश को कबाड़ में फेक रखा है।

उन्होंने कहा, वे अपने चाचा की अस्थियां लेने आई हैं। इस प्रदर्शन का भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उसके बाद वहां हगामे जैसी स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच भी धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने पहले करुणा शुक्ला को हिरासत में लिया। उसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता डेंटल कॉलेज के सामने बैठ गए।

बाद में उन लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। करीब दो घंटे बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ा। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, रमन सिंह से विनम्र निवेदन है कि अगर वे अटल जी का अस्थि कलश विसर्जित नहीं कर पा रहे हैं, तो हमें दे दें। हम ससम्मान पूरे विधि-विधान से उनका अस्थि विसर्जन करेंगे। वह भी बिना किसी इवेंट मैनेजमेंट के।

सफाई में उतरी भाजपा, कहा- कलश में थी मिट्टी
कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद भाजपा ने अपनी सफाई पेश की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, जिस कलश की बात हो रही है, उसमें अस्थियां नहीं अटल स्मारक के लिए लाई गई मिट्टी रखी है। उन्होंने कहा, करुणा शुक्ला को चाचा की इतनी ही याद आ रही है तो उस दिन कहां थीं जब दिल्ली में अटल जी का अस्थि कलश दिया जा रहा था। वे आई होतीं तो उन्हें भी दे दिया जाता।

कांग्रेस नेताओं पर मामला दर्ज
भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन करने पर मोदहापारा थाने में करुणा शुक्ला, किरणमयी नायक और विनोद तिवारी समेत अन्य लोगों मामला दर्ज हुआ है। शाम को प्रशासन के निर्देश पर इन लोगों के खिलाफ निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का मामला दर्ज हुआ। अफसरों ने बताया, प्रदेश में धारा 144 लागू है। ऐसे में किसी रैली-प्रदर्शन अथवा सभा के लिए पूर्व अनुमति जरूरी है। कांग्रेस नेताओं ने ऐसा नहीं किया।

Updated on:
17 Oct 2018 03:43 pm
Published on:
17 Oct 2018 03:43 pm