रायपुर

बस्तर में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का विरोध, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की कार के आगे कूदे भाजपाई

BJP Leaders Murder Case: बस्तर में भारतीय जनता पार्टी के चार कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपा के पदाधिकारी उबल पड़े। प्रदेश के 78 विधानसभा क्षेत्रों में करीब 400 स्थानों पर भाजपाइयों ने चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
2 min read
• •
Feb 18, 2023
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की कार के आगे कूदे भाजपाई
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की कार के आगे कूदे भाजपाई

BJP Leaders Murder Case: बस्तर में भारतीय जनता पार्टी(BJP) के चार कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपा के पदाधिकारी उबल पड़े। प्रदेश के 78 विधानसभा क्षेत्रों में करीब 400 स्थानों पर भाजपाइयों ने चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के साथ जहां रायपुर में प्रदर्शन का नेतृत्व किया तो नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर में चक्काजाम किया। भिलाई में सांसद विजय बघेल और सरोज पांडेय ने कार्यकर्ताओं की अगुवाई की।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कहा, आज छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गई है। राज्य सरकार कानून की स्थिति ठीक करने में फेल साबित हुई है। न न्यायधानी सुरक्षित है और न ही राजधानी। बस्तर में 4 भाजपा पदाधिकारियों को चिह्नीत कर निर्ममता पूर्वक हत्या(BJP Leaders Murder Case) की है। छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है। सरकार कानून व्यवस्था ठीक करे, इसलिए प्रदेशभर में चक्काजाम प्रदर्शन किया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा, भाजपा के खिलाफ षड्यंत्र हो रहा है। हम डरने वालों में से नहीं हैं। हमारा एक-एक कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करेगा। कांग्रेस के षड्यंत्र का फल 2023 चुनाव में सामने आ जाएगा। -पेज 2 भी देखें

भिलाई में भाजपाइयों ने सांसद विजय बघेल, डॉ. सरोज पांडेय और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने नेतृत्व में नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया जिससे यहां वाहनों की कतारें लग गईं।

शुक्रवार को राजधानी समेत प्रदेशभर के 78 विधानसभा क्षेत्रों में 400 जगहों पर चक्काजाम किया। इस दौरान कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। साथ ही पदाधिकारियों की हुई हत्या मामले में जांच कराने की मांग की। वहीं भाजपा के चक्काजाम की वजह से आम नागरिकों को आवाजाही में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। चक्काजाम के चलते लोगों को एक से दो किलोमीटर तक घूमकर जाना पड़ा। जाम के दौरान लोग जहां तहां फंसे रहे। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को हुई, क्योंकि जाम खुलने के बाद स्कूल की बसें इसमें फंस गई थीं।

बिलासपुर में भाजपा के चक्काजाम कार्यक्रम में उसलापुर ओवरब्रिज के पास किए गए चक्काजाम में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल अपने कार्यकर्ताओं से नाराज हो गए। एंबुलेंस, स्कूली बच्चों और वृद्धजनों को नहीं रोकने के निर्देश का पालन नहीं करने पर पूर्व मंत्री अग्रवाल चक्काजाम से दूर हो गए।

वहीं, प्रदर्शनकारियों ने रायपुर में कटोरा तालाब के पास प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की गाड़ी को रोका। वहां मौजूद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हटाने का प्रयास किया तो पुलिस से ही उलझ गए। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह मरकाम की गाड़ी वहां से निकलवाई।

Published on:
18 Feb 2023 11:29 am