
रायपुर। Dengue Havoc In Raipur : राजधानी में डेंगू लगातार पैर पसार रहा है। एक हफ्ते में 4 से अधिक लोगों की मौत भी हो चुकी है। भाजयुमो ने मंगलवार को महापौर के खिलाफ शास्त्री चौक पर मच्छरदानी ओढ़कर प्रदर्शन किया। शहर भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती पटेल के नेतृत्व में भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता ने इस दौरान कहा, राजधानी रायपुर में लगातार डेंगू अपने पैर पसार रहा है। प्रतिदिन डेंगू के मरीज शहर के अलग अलग चिकित्सालयों में अपना इलाज करवाने पहुंच रहे हैं। कांग्रेस सरकार की नाकामियों की वजह से प्रदेश के बड़े सरकारी हॉस्पिटल मेकाहारा में ही लगभग 200 से 250 मरीज इलाज करवाने आ रहे हैं।
एक सप्ताह में 4 से अधिक पीड़ितों ने डेंगू की बीमारी से लड़ते हुए जान गंवा दी है। उन्होंने कहा, आज हम डीकेएस हॉस्पिटल के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। जल्द मुख्यमंत्री और महापौर निवास का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, पार्षद मृत्युंजय दुबे, भाजयुमो संभाग प्रभारी रोहित माहेश्वरी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष रितेश मोहरे सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू से बचाव के लिए 29 अगस्त से 4 सितम्बर तक विशेष अभियान चला रही है। इसके तहत सुबह एंटी लार्वा ट्रीटमेंट व कीटनाशक दवा का छिडक़ाव और शाम को फॉगिंग किया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने घर -घर जाकर कूलरों के पानी को खाली करवाया। पार्षदों एवं अधिकारियों ने लोगों को मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की।
शंकरनगर वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में पार्षद सुमन राम प्रजापति एवं जोन कमिश्नर लोकेश चंद्रवंशी, जोन-1 कमिश्नर राजेश गुप्ता, कार्यपालन अभियंता कंवर ने लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपाय बताए। पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड के पार्षद आकाश तिवारी ने दुर्गा चौक, गांधी चौक और इंद्रावती कॉलोनी में स्व सहायता समूहों की महिलाओं के साथ घर-घर जाकर कूलरों के पानी को खाली करवाया।