रायपुर

CG BJP State Working Committee: भाजपा का नया मन्त्र – कार्यकर्त्ता साधो, संगठन मजबूत करो, कांग्रेस की तरह सत्ता में आकर किसी को भूलो मत

​BJP Working committee: विधानसभा और लोकसभा चुनाव जीतने के बाद छत्तीसगढ़ में बीजेपी की कार्य समिति बैठक आयोजित की गई। जहां सीएम विष्णुदेव साय ने पिछले 6 महीने में किए गए बीजेपी सरकार के काम और उपलब्धियों को गिनाया। इसके साथ ही सीएम साय ने भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा बयान दिया है।

3 min read
Jul 11, 2024

Chhattsgarh BJP News: लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद बुधवार को प्रदेश भाजपा की पहली विस्तारित कार्यसमिति की अहम बैठक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हुई। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बैठाने के लिए कई नसीहत दी। साथ ही संगठन ने सरकार को इस बात का संदेश भी दिया कि वे कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए जो गलती कि उसे नहीं करें और अपने कार्यकर्ताओं को न भूलें। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई प्रस्तावना पारित किया गया। इसके साथ ही राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला गया है।

सत्ता के साथ आलस भी आता है, इससे बचें: शिव प्रकाश

भाजपा की मैराथन बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने निर्णय लेने का समय दृष्टिकोण विकसित करने पर भी जोर दिया। सोशल मीडिया पर चले रहे नैरेटिव से भी सचेत रहना होगा। जीत के जश्न से हम इस चुनौती का सामना करने का विचार करें। हम अपना मूल कार्य और लक्ष्य ना भूलें। सत्ता प्रमाद लाती है, सुविधा भोग और आलस साथ लाती है, इससे बचना होगा। आज सशक्त मंडल इकाई है, वो समर्पण भाव से पार्टी और समाज के लिए काम करें। इसी प्रकार शक्ति केंद्रों व बूथ इकाइयों को भी सक्रिय करना होगा।

राजनीतिक प्रस्ताव में राहुल गांधी के बयान की निंदा

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। इसका समर्थन डिप्टी सीएम अरुण साव व विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने किया। इसमें मोदी सरकार के कामकाज की तारीफ के साथ साय सरकार का भी अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ तीखा हमला बोला गया। इसमें कहा गया, एक तरफ जहां भाजपा विश्वास और विकास के एक नए युग में भारतीय लोकतंत्र को ले जा रही है, वहीं कांग्रेस लगातार अपनी हरकतों से देश और लोकतंत्र को कलंकित कर रही है।

कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संसद में हिन्दुओं को हिंसक कह कर देश और सनातन समाज का अपमान किया है, इसी तरह उन्होंने श्रीराम मंदिर आंदोलन के के बारे में भी अनर्गल बयानबाजी कर हिन्दू भावना को आहत किया है। यह विस्तारित कार्यसमिति राहुल गांधी के इस बयान की निंदा करती है कि हिन्दू हिंसक होते हैं।

कार्यकर्ताओं को दिया यह संदेश

सत्ता में आने के बाद कार्यकर्ता हड़बड़ाएं नहीं। बायोडाटा लेकर रायपुर आने की जरूरत नहीं है। क्षेत्र में रहे और जनता के सतत संपर्क में रहे। पार्टी सभी के कामों का मूल्यांकन करेगी।

नेताओं को दिया यह संदेश

सरकार या पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं करें। कार्यकर्ताओं का पूरा ध्यान रखना होगा। हमारे कार्यकर्ता सरल है। कंधे में हाथ रखकर सुख-दुख पूछने से ही वे खुश हो जाते हैं।

आगामी चुनाव के लिए यह संदेश

पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा की सरकार होनी चाहिए। इसके लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। पार्टी का प्रत्याशी चाहे कोई भी हो, चुनाव में भाजपा को जिताना है।

हिंदू हिंसक होते तो श्री राम मंदिर बनने में 500 साल नहीं लगते: खट्टर

राहुल गांधी के हिंदू हिंसक होते है वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, हिंदू हिंसक होते तो ,श्री राम मंदिर बनने में 500 साल नही लगते। महज 99 सीटें जीतकर कांग्रेस भ्रामक आंकड़े पेश करके झूठ बोलकर अमर्यादित बातें कर रही है।

जन-जन तक जाए कार्यकर्ता: नबीन

भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा, प्रदेश कार्य समिति में हुई चर्चा और तय कार्य योजना को लेकर जन-जनतक जाना है। कांग्रेस शासन काल में भाजपा के आंदोलनों में जनता के मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचा है।

सरकार चलाने हर कार्यकर्ता से लेंगे मार्गदर्शन : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, हमारे कार्यकर्ताओं की वजह से ही हम यह ऐतिहासिक जीत हासिल कर दोबारा प्रदेश की सत्ता में वापस आए है। सरकार चलाने में एक-एक कार्यकर्ता का मार्गदर्शन लिया जाएगा। हमारा मंडल और बूथ सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री खट्टर बोले- लता उसेंडी मंत्री बन रही

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लता उसेंडी को लेकर कहा, 2003 में वह कोंडागांव से विधायक बनी थी। अभी मंत्री हैं। इस पर उन्हें टोका गया। इसके बाद उन्होंने कहा, अभी मंत्री बन रही हैं। मौके की नजाकत को भांपते हुए उन्होंने तुरंत कहा, मंत्री बनने की बात से उत्साह आया होगा।

Updated on:
11 Jul 2024 11:29 am
Published on:
11 Jul 2024 10:52 am
Also Read
View All

अगली खबर