रायपुर

CG Board Exam: गणित में टॉप करने का मंत्र… बार-बार लिखकर करें याद, बनाएं ‘फॉर्मूला नोटबुक’

CG Board Exam Tips: माध्यमिक शिक्षा मंडल के हेल्प लाइन सेंटर में महाराष्ट्र मंडल के विषय विशेषज्ञ ने गणित में टॉप करने का मंत्र बताया, कहा कि ‘फॉर्मूला नोटबुक’ बनाएं...
less than 1 minute read
Feb 15, 2026
CG Board exam
माध्यमिक शिक्षा मंडल के हेल्प लाइन सेंटर ( Photo - Patrika )

CG Board Exam Tips: बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच विद्यार्थियों के मन में गणित को लेकर व्याप्त भय को दूर करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हेल्प लाइन सेंटर शुरू किया गया है। ( CG Board Exam ) इस हेल्प लाइन नंबर पर संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के वरिष्ठ गणित शिक्षक अखिल खरे ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण टिप्स दिए और गणित के सूत्रों को याद रखने का प्रभावी तरीका बताया।

खरे ने कहा कि गणित के सूत्रों को केवल रटने के बजाय यह समझना चाहिए कि वे कैसे बने हैं। इससे सूत्र लंबे समय तक याद रहते हैं। उन्होंने सलाह दी कि गणित के सभी सूत्रों के लिए अलग से एक नोटबुक बनाएं, जिसे ‘फॉर्मूला नोटबुक’ नाम दें। सूत्रों को बार-बार लिखने से वे दिमाग में गहराई से बैठ जाते हैं और आगे भी यह नोटबुक काम आती है।

CG Board Exam Tips: प्रत्येक सूत्र से जुड़े कम से कम 10 प्रश्न हल करें

उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक सूत्र से जुड़े कम से कम 10 प्रश्न हल करें। नियमित अभ्यास से सूत्र स्थायी रूप से याद हो जाते हैं। अति महत्वपूर्ण सूत्रों को चार्ट पेपर पर लिखकर स्टडी टेबल या कमरे की दीवार पर चस्पा करें, ताकि बार-बार देखने से वे स्वत: याद हो जाएं। सूत्रों को जोर-जोर से बोलकर पढऩा भी याद रखने में सहायक है।

प्रश्नों को गंभीरता से पढऩा जरूरी

परीक्षा के दौरान सावधानी बरतते हुए प्रश्नों को गंभीरता से पढऩा जरूरी है। प्रश्न पत्र मिलने के बाद जो भी सूत्र याद आएं, उन्हें पीछे रफ पेज पर लिख लें, ताकि बाद में भूलने की स्थिति न बने। स्टेप मार्किंग पद्धति को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रश्न को अधूरा न छोड़े, क्योंकि सही सूत्र लिखने पर भी अंक मिलते हैं।

Updated on:
15 Feb 2026 01:43 pm
Published on:
15 Feb 2026 01:43 pm