छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में सरकार के कई अहम मंत्री सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे।
CG Budget Session Day 3: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में सरकार के कई अहम मंत्री सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। प्रश्नकाल में डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लखनलाल देवांगन विभिन्न विभागों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देंगे।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित मंत्री केदार कश्यप, श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत विभिन्न पत्रों को सदन पटल पर रखेंगे। नवंबर–दिसंबर 2025 सत्र के अपूर्ण प्रश्नों के पूर्ण उत्तर भी आज सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा पढ़ी गई सूचनाओं और उनके उत्तरों का संकलन रखा जाएगा तथा राज्यपाल की अनुमति प्राप्त विधेयकों की जानकारी दी जाएगी।
सदन में आज दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लगाए जाएंगे। विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा विषय सदन में रखेंगे।
मंत्री दयालदास बघेल और विधायक रेणुका सिंह अनुपस्थिति की अनुज्ञा प्रस्तुत करेंगे, जबकि विधायक भावना बोहरा और रोहित साहू याचिकाएं पेश करेंगे। इसके साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में विस्तृत चर्चा भी होगी, जिसे बजट सत्र की दिशा तय करने वाली अहम बहस माना जा रहा है।