
नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Photo Patrika)
IPL 2026: @दिनेश कुमार। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु (आरसीबी) के दो घरेलू मुकाबले खेले जाने हैं। इन मैचों के दौरान स्टेडियम में प्रवेश को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आईपीएल के मैचों के दौरान फिजिकल टिकट की व्यवस्था पूरी तरह खत्म होने जा रही है। स्टेडियम में प्रवेश डिजिटल टिकट के माध्यम से दिया जाएगा।
इस व्यवस्था से टिकट की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के साथ बुकिंग कराने वालों को फिजिकल टिकट बांटने के लिए अलग से व्यवस्था करने से भी टीम फ्रेंचाइजी बचना चाहती है। साथ ही दर्शकों को भी फिजिकल टिकट लेने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। रायपुर में 10 मई को आरसीबी का मुकाबला मुंबई इंडियंस से और 13 मई को रायपुर में आरसीबी और कोलकाता की टीमें आमने-सामने होंगी। स्टेडियम के निरीक्षण और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश देने के लिए आरसीबी की टीम अगले सप्ताह रायपुर आने वाली है।
आईपीएल मैचों की टिकटों को बेचने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था रहेगी। बुकिंग कराने वाले दर्शकों को उनके मोबाइल नंबर पर ही डिजिटल टिकट भेजी जाएगी। टिकट में सीट नंबर और क्यूआर कोड रहेगा, जिसे स्टेडियम के एंट्री गेट में स्कैन कराने पर दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा। दर्शकों को मैच के दिन स्टेडियम में प्रवेश के लिए मोबाइन रखना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था से उसी व्यक्ति को प्रवेश मिल सकेगा, जो अपने मोबाइल या जिस मोबाइल नंबर से टिकट बुक कराया होगा।
आईपीएल मैचों के दौरान दर्शकों को अपनी सीट नंबर स्वयं चुनने का मौका मिलेगा। इसके लिए स्टेडियम में सीटों की नंबरिंग का काम पूरा हो चुुका है। वहीं, आरसीबी में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ से वीआईपी और गोल्ड की सीटें बढ़ाने के लिए कहा है। यह काम भी तेजी से किया जा रहा है। सीएससीएस के अनुसार इस बार वीआईपी और गोल्ड की टिकटों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
रायपुर में होने वाले मैचों की टिकटों की बुकिंग मई के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। क्योंकि, अब तक हुए मैचों के दौरान आरसीबी ने एक सप्ताह पहले ही टिकटों की बुकिंग शुरू की है। सूत्रों से के अनुसार जनरल टिकटों की कीमत 3000 रुपए और वीआईपी की 15 से 20 हजार रुपए से शुरू होने की संभावना है। कारपोरेट बॉक्स की एक सीट की कीमत 40 हजार के करीब होने के आसार हैं।
10 और 13 मई को रायपुर में होने वाले मैचों के दौरान विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे भारतीय क्रिकेट स्टार आने वाले हैं। इनके रायपुरवासियों को अलावा फिल साल्ट, कुणाल पांड्या, टिम डेविड, जैकब बैथेल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, क्विंटल डी क्लॉक, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, आजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह जैसे क्रिकेट सितारों के चौके-छक्के देखने को मिलेंगे।
Updated on:
16 Apr 2026 05:38 pm
Published on:
16 Apr 2026 05:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
