रायपुर

भाजपा-कांग्रेस ने निर्वाचन आयुक्त ओपी रावत से कहा- शिकायत के बाद भी क्यों नहीं होती कार्रवाई

CG Election 2018
2 min read
Nov 02, 2018
Chhattisgarh news
भाजपा-कांग्रेस ने निर्वाचन आयुक्त ओपी रावत से कहा- शिकायत के बाद भी क्यों नहीं होती कार्रवाई

रायपुर. भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओपी रावत के सामने कांग्रेस-भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों से शिकायतों का पिटारा खोल दिया। प्रदेश के दोनों प्रमुख दलों ने एक तरह से आयोग पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए अफसरों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने पिछले दिनों हुई घटनाक्रमों का हवाला देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अफसरों को निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने गुरुवार को दिनभर राजनीतिक दलों और अफसरों के साथ मैराथन बैठक ली। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों ने किस प्रकार से अपने सुझाव और परेशानियों को रखा है। इस पर उन्होंने बताया कि अफसरों को निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करने को कहा है, ताकि मतदाता निर्भक होकर मतदान कर सके।

इधर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने किरणमयी नायक के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर बताया कि कांग्रेस किस प्रकार लगातार आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कर रही है और ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश चुनाव विधिक संयोजक नरेशचंद्र गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात की अपनी समस्याओं को रखा और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं जकांछ और 'आप' के पदाधिकारियों ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

सतर्कता के साथ आचार संहिता के पालन की हिदायत
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओपी रावत ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रावत ने बारी-बारी से संबंधित जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से शांतिपूर्ण ढंग से स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव कराने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्तरों पर प्रभावी पर्यवेक्षण एवं सतर्कता बरतने और आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्ति करने के निर्देश दिए।

रावत ने कहा कि प्रत्येक मतदाता बिना डर प्रलोभन और दबाव के मताधिकार का उपयोग कर सकेंए इसके लिए सभी व्यवस्थाएं की जाए। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त द्वय सुनील अरोड़ा और अशोक लवासा, वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा, उप निर्वाचन आयुक्त सुदीप जैन और चंद्रभूषण कुमार, महानिदेशक दिलीप शर्मा, संचार मामलों के महानिदेशक धीरेन्द्र ओझा, प्रधान सचिव एनएन बुटोलिया सहित छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू भी उपस्थित थे।

ऐप और वेबसाइट से मिलेगी पल-पल की जानकारी
विधानसभा निर्वाचन के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न दल सी-टॉप्स (छत्तीसगढ़ ट्रैकिंग ऑफ पोलिंग प्रोसेस सॉफ्टवेयर) ऐप के माध्यम से जुड़े रहेंगे और उनकी पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्तरावत ने गुरुवार को इस ऐप का शुभारंभ किया।

Updated on:
02 Nov 2018 02:56 pm
Published on:
02 Nov 2018 02:56 pm