
रायपुर . धान खरीदी के लिए राज्य सरकार ने इस बार नया फरमान जारी कर दिया है। अब प्रदेश के किसान अधिकतम तीन बार ही खरीदी केंद्रों में लाकर धान का विक्रय कर सकेंगे। अभनपुर विधायक धनेन्द्र साहू ने सरकार के नए आदेश को किसान विरोधी बताते हुए सरकार से आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की है। इससे पहले सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अधिकतम सीमा १५ क्विंटल प्रति एकड़ लिकिंग सहित कर दी थी, जिसका किसान संगठनों व राजनीतिक दलों ने विरोध भी किया था।
राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 15 नवम्बर से शुरू कर दी है। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 31 जनवरी तक होगी। धान खरीदी शुरू होने से पहले राज्य सरकार ने सभी कलक्टरों, राज्य सहकारी विपणन संघ के प्रबंध संचालक, अपैक्स बैंक के प्रबंध संचालक और पंजीयक सहकारी संस्थाओं को धान खरीदी के संबंध में निर्देश जारी किया है। इसमें साफ कहा गया है कि किसान अपनी उपज का धान अधिकतम ३ बार विक्रय कर सकता है। किसान अपना धान तीन अलग-अलग तिथि में लाकर विक्रय कर सकता है।
सभी को इस बात का भी निर्देश दिया गया है कि इसका प्रचार-प्रसार किया जाए। इसका विरोध करते हुए अभनपुर विधायक धनेन्द्र साहू ने कहा, प्रदेश शासन की धान खरीदी नीति, धान उत्पादक किसानों को परेशान करने वाली है। सरकार द्वारा धान के उत्पादन एवं बिक्री में रोज नए-नए नियम ला रही है। सरकार का आदेश अव्यवहारिक एवं तुगलकी निर्णय है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से बड़े पैमाने पर किसान धान बेचने से वंचित हो जाएगी। उन्होंने मांग की है कि भाजपा सरकार इस निर्णय को वापस लेंवे।
सभी पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चंद्राकर का कहना है कि जिन किसानों ने भी पंजीयन कराया है, उनका धान सरकार खरीदेगी। पिछले बार के सर्वे के मुताबिक अधिकतम किसानों ने तीन बार में धान बेच दिया था। इस बार बोनस के कारण बड़ी मात्रा में अन्य राज्यों से धान आ रहा है। इसे रोकने के लिए अधिकतम तीन बार खरीदी का आदेश जारी किया गया है।
दर्ज हो रहे अवैध धान परिवहन के प्रकरण
धान के बोनस की घोषणा के बाद बड़े पैमाने पर अन्य राज्यों से लाकर धान को खफाया जा रहा है। 16 नवम्बर तक अवैध धान परिवहन के 78 प्रकरण दर्ज किए गए थे। शुक्रवार को भी सरगुजा जिले में मंडी एक्ट के लिए पांच पिकअप वाहन, एक ट्रक और 824 बोरी धान की जब्ती की गई है। जांजगीर जिले में भी अवैध परिवहन करते हुए 720 बोरी धान जब्त की गई है।