CG Nikay Chunav Voting 2025: नगरीय निकाय चुनाव में खराब ईवीएम की वजह से मतदाताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ी। राजधानी सहित दुर्ग, धमतरी, जगदलपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव जैसे शहरों में मतदाता परेशान हुए।
CG Nikay Chunav Voting 2025: प्रदेश के 173 नगरीय निकायों में मंगलवार को कुछ स्थानों पर छिटपुट विवादों के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 173 निकायों में 72.19 फीसदी मतदान हुआ। जबकि वर्ष 2019 में 78.48 फीसदी मतदान हुआ था। इस हिसाब से 6.29 फीसदी मतदान कम हुआ है। इस बार के चुनाव में प्रत्याशियों की जीत में पुरुष मतदाताओं की भूमिका सबसे अहम होगी।
इसका कारण यह है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों ने अधिक मतदान किया। शाम 5 बजे तक पुरुषों ने 73.07 फीसदी, तो महिलाओं ने 71.66 फीसदी मतदान किया था। मतदान के प्रतिशत में बदलाव हो सकता है। इस बार की मतदात का पैटर्न पूर्व के चुनावों की तरह रहा। सुबह अधिकांश मतदान केंद्रों में भीड़ कम नजर आईं। वहीं सुबह महिलाओं की तुलना में पुरुषों ने अधिक मतदान किया।
दरअसल, सुबह ज्यादातार दुकानदारों और व्यापारियों ने वोट डाल और इसके बाद वे अपने काम पर भी निकल गए। दोपहर होते-होते मतदान केंद्रों में कतार दिखाई दी। शाम को पांच बजे के बाद जो मतदाता मतदान केंद्र पहुंच गए थे, उन्हें मतदान करने का अवसर दिया गया।
समय- पुरुष- महिला- अन्य- कुल
सुबह 10 बजे- 16.54- 14.17- 0.52- 15.29
दोपहर 12 बजे- 35.1- 32.48- 7.7- 35
दोपहर- 02 बजे- 51.76- 53.54- 9.99- 52.68
शाम 04 बजे- 64.06- 67.80- 9.9- 68.10
शाम 05 बजे - 73.07- 71.66- 19.75- 72.19
नगरीय निकाय चुनाव में खराब ईवीएम की वजह से मतदाताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ी। राजधानी सहित दुर्ग, धमतरी, जगदलपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव जैसे शहरों में मतदाता परेशान हुए। कुछ मतदान केंद्रों में तो आधे से पौन घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ। प्रत्याक्षदर्शियों के मुताबिक एक-दो स्थानों पर तो मशीन को ठोक-पीट कर चालू किया गया। जहां ईवीएम नहीं बनी, वहां नई ईवीएम से चुनाव कराए गए।
परिसीमन के बाद हुए निकाय चुनाव में बड़ी समस्या सामने आईं। परिसीमन की वजह से बहुत से मतदाताओं का मतदान केंद्र बदल गया। कुछ मतदाता तो कई मतदान केंद्रों में चक्कर लगाने के बाद भी मतदान नहीं कर सकें। वहीं कुछ ने नाराज होकर मतदान नहीं किया। इसका सबसे ज्यादा असर रायपुर नगर निगम में दिखाई दिया। इसके अलावा मतदाताओं ने नाम काटने की शिकायत की और हंगामा भी खड़ा किया।
नगरीय निकाय चुनाव में वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोनों मतदान नहीं कर सके। दरअसल, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान करेंगे। लोकसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अपने गृह ग्राम बगिया के प्राथमिक शाला बूथ क्रमांक 49 में सपरिवार मतदान किया था। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री बघेल पाटन के ग्राम कुरुदडीह में सपरिवार मतदान किया था।
नगर पंचायत नगर के वार्ड क्रमांक 12 में मतदान के लिए आए कुंजबिहारी देव अचानक बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री, विष्णु देव साय: मतदान में सामने आए रुझानों से पता चल रहा है कि जनता ने ‘अटल विश्वास पत्र’ के संकल्प पर पूर्ण विश्वास करते हुए, नगरीय निकायों के समुचित विकास की संकल्पना में हमारा साथ दिया है। जिसकी बदौलत भारतीय जनता पार्टी प्रचंड विजय हासिल करेगी। लोकतंत्र के इस महोत्सव में सहभागी सभी सम्मानित मतदाताओं का हार्दिक आभार।
CG Nikay Chunav Voting 2025: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, दीपक बैज: प्रदेशभर से जो खबरें आ रही है, उससे साफ हो गया कि प्रदेश के सभी निकायों में मतदान कांग्रेस के पक्ष में हुआ है। राज्य के अधिकांश नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कांग्रेस के उम्मीदवार चुनाव जीत कर आ रहे हैं। मतदान क्रेंद्र के बाहर कांग्रेस के पंडालों में लगी मतदाताओं की भीड़ इस बात का स्पष्ट संदेश है, कि जनादेश कांग्रेस के पक्ष में आएगा।