रायपुर

अटल विकास यात्रा में सीएम ने कहा – 60 साल में कुछ नहीं किया, अब जीवनभर नारे ही लगाएंगे कांग्रेसी

अटल विकास यात्रा के दूसरे चरण में कोटा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शासकीय स्कूल मैदान में सभा ली

2 min read
Sep 19, 2018
atal vikas yatra
अटल विकास यात्रा में सीएम ने कहा - 60 साल में कुछ नहीं किया, अब जीवनभर नारे ही लगाएंगे कांग्रेसी

रायपुर. अटल विकास यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार को कोटा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शासकीय स्कूल मैदान में सभा ली। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, कि जब सरकार बनाने की बात आती है, तब कांग्रेस के मित्रों को गरीब, किसान और आदिवासियों की याद आती है। इन लोगों ने 60 साल में उनके लिए कुछ नहीं किया। अब उन्हें जीवन भर नारे लगाना है। मुख्यमंत्री ने कोटा क्षेत्र के नागरिकों से कहा कि इस बार कोटा से भाजपा को प्रतिनिधित्व दीजिए, सहयोग कीजिए, यही कहने आया हूं।

मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कोटा में 111 करोड़ के विकास कार्यो का भूमिपूजन और 20 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए कहा, ये यात्रा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और छत्तीसगढ़ निर्माण में अहम योगदान दिया, जिससे आज विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अटल दूत आपके गांव घर तक आएंगे और आपके घरों के तुलसी चौरे से मिट्टी ले जाएंगे। इससे नया रायपुर अटल नगर में स्मारक बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, जब-जब वे विकास यात्रा पर निकलते है, कांग्रेस के मित्र विकास ढूंढने का ड्रामा करते हैं। वर्ष २००३ तक उनकी सरकार रही, ५०-६० साल राज किया पर गरीबों किसानों के लिए कोई काम नहीं किया। केवल गरीबी हटाओ का नारा लगाते रहे। अंचल से पलायन होता रहा, लेकिन गरीबी और भूख से मौतें हुई कभी गरीबों और किसानों की चिंता नहीं की। वे कोटा की सभा में आ जाएं, जनता बता देगी कि कितना विकास हुआ।

उन्होंने पूछा कि इस बार कोटा बदलेगा या नहीं, कमल खिलेगा या नहीं मैं यही कहने आया हूं। हमने विकास का रास्ता खोल दिया है, जनता इसमें सहभागिता निभाए। कांग्रेस को तो ५ क्विंटल धान खरीदने में रोना आता था ,आदिवासी इलाकों में धान को पानी में डूबो-डूबोकर खरीदा जाता था। मुख्यमंत्री ने कहा, कोटा के तालाबों में तो बहुत कमल खिलते हैं। इस बार कोटा में कमल खिलाइए। कार्यकम में नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह समेत कोटा के जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

सीएम ने किसी को नहीं दिया भाव
मंच पर टिकट के दावेदार पूर्व प्रत्याशी काशी प्रसाद, नगर पंचायत कोटा के अध्यक्ष मुरारी गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपचंद शुक्ला, डॉ. सुनील शुक्ला समेत सभी दावेदार मौजूद थे। लेकिन मुख्यमंत्री ने किसी को भाव नहीं दिया।

पीएम ने विकास यात्रा को सराहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में चल रही प्रदेशव्यापी विकास यात्रा की प्रशंसा की है। मोदी ने मंगलवार को डॉ. रमन सिंह को सम्बोधित अपने ट्वीटर संदेश में कहा है कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में अटल विकास यात्रा को शानदार सफलता मिल रही है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी है और छत्तीसगढ़ में हो रही प्रगति की भी प्रशंसा की है। उन्होंने ट्वीटर संदेश में डॉण् सिंह से कहा है इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि राज्य के लोग आप पर जोरदार भरोसा करते हैं।

Published on:
19 Sept 2018 05:57 pm