रायपुर

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड! रायपुर में सीजन का सबसे कम तापमान, IMD का अलर्ट जारी…

CG Weather Alert: ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह से घना कोहरा और सर्द हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित रहा।

2 min read
Jan 08, 2026
कोल्ड वेव की चपेट में छत्तीसगढ़, मकर संक्रांति तक राहत नहीं, रायपुर समेत कई जिलों में तापमान गिरा...(photo-patrika)

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह से घना कोहरा और सर्द हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है।

CG Weather Alert: 15 दिनों से 11–13 डिग्री के बीच अटका पारा

अहम बात यह है कि राजधानी रायपुर में बीते 15 दिनों से न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक का उतार-चढ़ाव ही दर्ज किया गया, जिससे ठंड लगातार बनी हुई है।

उत्तर से दक्षिण तक ठंड का असर, शीतलहर की संभावना

उत्तर छत्तीसगढ़ से लेकर मध्य और दक्षिणी हिस्सों तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो पाकेट में शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है।

इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 जनवरी को रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

सुबह से धुंध, सड़कों पर छाया सन्नाटा

बुधवार सुबह राजधानी रायपुर में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया, जिससे जनजीवन सुस्त नजर आया। कई इलाकों में देर सुबह तक धुंध छाई रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे और आम आवाजाही कम रही। स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग पूरी तरह ऊनी कपड़ों में लिपटे नजर आए।

अम्बिकापुर सबसे ठंडा, 3.3 डिग्री पर पहुंचा पारा

प्रदेश में ठंड का सबसे ज्यादा असर अम्बिकापुर में देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा। अन्य प्रमुख स्थानों पर भी पारा काफी नीचे दर्ज किया गया- पेंड्रारोड में 7.6 डिग्री, दुर्ग में 8.0 डिग्री, जगदलपुर में 8.4 डिग्री और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 6.6 डिग्री सेल्सियस। सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर का असर स्पष्ट रूप से नजर आया, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस की गई।

पेंड्रा-अमरकंटक में रिकॉर्ड ठंड, ओस जमने लगी

प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में पेंड्रा और अमरकंटक शामिल रहे, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कई स्थानों पर ओस की बूंदें जमने लगीं। अमरकंटक में खेतों और घरों की छतों पर सफेद चादर जैसी परत दिखाई दी। ठंड के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग अलाव जलाकर खुद को गर्म करते नजर आए।

आगे भी राहत नहीं, ठंड और बढ़ेगी

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिन प्रदेश के लिए और ज्यादा ठंडे साबित हो सकते हैं। उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर बना रहेगा। रायपुर शहर में 8 जनवरी को भी धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।

Updated on:
08 Jan 2026 10:28 am
Published on:
08 Jan 2026 10:27 am
Also Read
View All

अगली खबर