सीजीबीएसई में 10वीं से निकले 4 टॉपर, लडक़ीयों ने मारी बाजी
रायपुर . छग माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10 वीं बोर्ड की परीक्षा में इस सत्र फिर लड़कियों ने बाजी मारी है। पिछले दो सत्रों से ही लगातार छात्राओं के परिणाम छात्रों की तुलना में अच्छे रहे हैं। पिछले दो सत्रों में छात्राएं 1-3 फीसदी की बढत के साथ आगे रहीं, जो कि इस सत्र भी बरकरार रहा।
2018 में 388566 पंजीकृत छात्रों में 381737 परीक्षार्थी परीक्षाओं में सम्मिलित हुए। जिसमें 68.04 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, इसमें 69.44 फीसदी लड़कियां और 66.42 प्रतिशत लडक़ों को सफलता हासिल हुई हैं। जिसमें पिछले सत्र की तुलना में इस सत्र परिणाम में 7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली, 2017 में यह आंकड़ा 61.04 फीसदी रहा। इस सत्र के परिणामों में पिछड़े हुए माने जाने वाले छात्रों ने टॉपटेन में अपना लोहा मनवाया है, वहीं राजधानी समेत अन्य बड़े शहर के छात्रों ने निराश किया। टॉप टेन में जशपुर जिले के यज्ञेश ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं राजधानी से मोहित साहू ने चौथा स्थान सुनिश्चित कर लाज बचाई।
टॉप टेन के 30 छात्रों में 12 जिलों के छात्र ही देखने को मिले, जबकि शेष 15 जिलों के छात्र सूची से नदारद रहे। टॉप करने वाले जिलों में जशपुर, बिलासपुर और महासमुंद के रहे।
READ MORE: #CG 12 Board Result 2018: दुर्ग संभाग के 6 होनहारों ने बनाई टॉप 10 में जगह, तीसरे स्थान पर रहे भिलाई के दो शुभम
सभी उपस्थित परीक्षार्थियों में सर्वाधिक ने द्वितीय श्रेणी से परीक्षा उत्तीर्ण की, जिनकी संख्या 146060 रही। वहीं प्रथम श्रेणी में महज 95939 छात्र शामिल रहे। इसके अतिरिक्त तृतीय श्रेणी में 16574 शामिल रहे। इसके अलावा 26227 छात्र पूरक घोषित किए गए, जबकि 653 परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए ।