
CGPSC Civil Judge Result 2024: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2024 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। आयोग ने विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत कुल 57 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन सूची जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली है।
यह भर्ती प्रक्रिया विज्ञापन क्रमांक 04/2024/परीक्षा दिनांक 23 दिसंबर 2024 तथा रोजगार और नियोजन में 25 दिसंबर 2024 को प्रकाशित सूचना के माध्यम से प्रारंभ हुई थी। इसके बाद शुद्धि पत्र क्रमांक 01/2025/परीक्षा दिनांक 23 जनवरी 2025 के जरिए आवश्यक संशोधन भी किए गए थे।
व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) पद के लिए मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जबकि लिखित परीक्षा का परिणाम 22 जनवरी 2026 को घोषित किया गया। आयोग के नियमानुसार विज्ञापित पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किया जाना था। इस आधार पर 171 अभ्यर्थियों को बुलाया जाना अपेक्षित था, लेकिन वर्गवार एवं उपवर्गवार उपलब्धता को देखते हुए कुल 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया।
साक्षात्कार प्रक्रिया 10 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि सभी 183 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। आयोग के अनुसार न तो कोई अभ्यर्थी अनर्ह पाया गया और न ही कोई अनुपस्थित रहा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम चयन सूची लिखित (मुख्य) परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के मेरिट क्रम के आधार पर तैयार की गई है। वर्गवार मेरिट के अनुसार कुल 57 पदों के विरुद्ध 57 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
इस भर्ती प्रक्रिया को राज्य की न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) पद पर नियुक्तियां न्यायिक प्रणाली को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाएंगी। चयन सूची को लेकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह देखा जा रहा है।
आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों को आगे की नियुक्ति संबंधी निर्देशों और अन्य जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखने की सलाह दी है। आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमों के अनुरूप बताया है।