
Chhattisgarh Job Fair: रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ सरकार आगामी 7-8 अक्टूबर को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित कर रही है। इस रोजगार मेले में करीब 10 हजार युवाओं को नौकरियां मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं और हुनर वाले युवा इस मेले में हिस्सा लेकर नौकरियां पा सकते हैं।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल रखने वाले युवा हिस्सा ले सकेंगे। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है, ऐसे में रिक्त पदों की संख्या बढ़ सकती है।
रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास युवाओं के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए पद उपलब्ध हैं। तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन जैसे पदों पर भर्ती के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर के पद भी शामिल हैं।
मेले में कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे। बैंकिंग, फाइनेंस और मानव संसाधन यानी एचआर से जुड़े पद भी शामिल किए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर के पद हैं, जबकि सुरक्षा सेवाओं में गार्ड और सुपरवाइजर की जरूरत है। परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कामों में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों पर भी भर्ती होगी।
रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक समेत कई कंपनियां और प्लेसमेंट एजेंसियां हिस्सा लेंगी। इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट जैसी कंपनियों ने भी रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।
रोजगार मेले की आवेदन और चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इच्छुक युवा www.erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की ओर से उपलब्ध कराई गई रिक्तियां प्रदर्शित की जा रही हैं। अभ्यर्थियों को मेले में पहुंचने से पहले ही अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप पद चुनने का अवसर मिलेगा। वहीं नियोजक भी पोर्टल पर अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देखकर प्रारंभिक चयन की प्रक्रिया कर सकेंगे।
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे। विभाग का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों में 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। वहीं 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, बलौदाबाजार और दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 4,149 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। विभाग के मुताबिक, 2026 में सितंबर तक 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है। इनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आगामी राज्यस्तरीय रोजगार मेले से भी बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।