छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Coronavirus Update) में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलना जारी है। शनिवार को कोरोना के 22 नए मरीज मिले। एम्स (AIIMS) ने इसकी पुष्टि की है।
रायपुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh Coronavirus Update) में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलना जारी है। शनिवार को कोरोना के 22 नए मरीज मिले। एम्स (AIIMS) ने इसकी पुष्टि की है। इसके साथ कोरोना पॉजटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1466 हो गई। वायरस से अब तक प्रदेश में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 544 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
एम्स से मिले आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को कोरोना के 22 नए मरीज मिले। जिसमें सर्वाधिक 8-8 मरीजों की पहचान राजनांदगांव और बलौदाबाजार से हुई है। इसके अलावा रायपुर से तीन और दुर्ग से 2 व धमतरी से एक पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है।
इससे पहले शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में बढ़ती कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के बीच राहत की खबर आई। बीते 2 महीने में यह पहली बार है जब एक दिन में संक्रमित मरीजों की संख्या कम, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या अधिक हो।
रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को 79 मरीजों को छुट्टी दी गई, जबकि 46 संक्रमित मरीज मिले। इसमें सर्वाधिक 15 मरीज कोरबा और 13 जांजगीर-चांपा जिले से हैं। तीसरे नंबर पर रायपुर जिला है, जहां 8 लोगों में संक्रमण पाया गया है। इनमें अंबेडकर अस्पताल का जूनियर डाक्टर (इंटर्न), वार्ड बॉय और एक एम्स का सफाई कर्मी भी शामिल है।
दिल्ली, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में मरीजों की संख्या बढ़ रही है और यहीं से सबसे ज्यादा लोग छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वैसे भी स्वास्थ्य विभाग का अनुमान है कि इस महीने संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 3000 तक पहुंच सकता है। सीएमएचओ डॉ मीरा मिलने के बताए अनुसार इंटर्न दिल्ली से लौटा था। लक्षण के आधार पर उसकी सैंपलिंग करवाई गई थी, जिसमें वह पॉजिटिव निकला।