
कांग्रेस छोड़ देनी चाहिए टीएस सिंहदेव को, अजय चंद्राकर का बयान ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Political Drama: छत्तीसगढ़ में दो दिग्गज कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद मामले में अब बीजेपी भी चुटकी ले रही है। प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर गरमाए माहौल के बीच बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है। पूर्व मंत्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की नसीहत दी है। वहीं उनके साथ हो रहे व्यवहार को कांग्रेस की जमकर बुराई की है। विधायक चंद्राकर ने भूपेश बघेल को भी झीरम कांड मामले में जमकर लताड़ा है।
दरअसल पीसीसी चीफ दीपक बैज और टीएस सिंहदेव के बीच प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में जब भूपेश बघेल से सवाल किया गया तो वे ये बोलकर बच गए कि “मैं टीएस सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देता” वहीं आज इस बयान पर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी है।
भूपेश बघेल के बयान पर चंद्राकर ने कहा कि सरकार बनने के बाद कांग्रेस का एक मिशन बन गया था, कि बाबा साहब को अपमानित करो। बाबा साहब को सलाह दूंगा कि कांग्रेस छोड़ दें। अपमान की एक पराकाष्ठा होती हैं। बाबा साहब एक गौरवशाली वंश से आते हैं। अब बाबा साहब को फैसला करना है कि कांग्रेस में अपमानित होना है या राष्ट्र के विकास के साथ अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाना है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर हो रही सियासत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का फैसला हाईकमान का विषय है और वह इस पर अपनी राय नहीं देते। वहीं, टीएस सिंहदेव के बयानों पर प्रतिक्रिया देने से भी उन्होंने इनकार कर दिया था।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वह टीएस सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते। उनके इस बयान को कांग्रेस के अंदर चल रही बयानबाजी से दूरी बनाने के तौर पर देखा जा रहा है। भूपेश बघेल ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का समर्थन करते हुए कहा कि दीपक बैज पिछले साढ़े तीन साल से कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है।
छत्तीसगढ़ के झीरम घाटी नक्सली हमले को आज 13 साल पूरे होने पर अजय चंद्राकर का बयान सामने आया। चंद्राकर कहा कि जिस दिन भूपेश बघेल अपने जेब में रखे सबूत को सार्वजनिक करेंगे। कवासी लखमा को सामने रख पूरे प्रदेश की जनता को घटनाक्रम बतायेंगे। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कवासी लखमा को हॉस्पिटल में क्या कहा था? जिस दिन ये सारी बातें सामने आएगी, सारी परते ख़ुद-ब-खुद खुलती जाएगी। आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल सहानुभूति के लिए अपना राजनीतिक ऑक्सीजन बना रखा हैं। भाजपा ने इस मामलें में हर स्तर की कार्रवाई की है।
Updated on:
25 May 2026 02:55 pm
Published on:
25 May 2026 02:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
