
छत्तीसगढ़ सरकार की मिनीमाता महतारी जतन योजना ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Minimata Mahtari Jatan Yojana: छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की है। इनमें महतारी वंदन योजना सरकार की महत्वकांक्षी योजना है। जिसके तहत सरकार हर महीने महिलाओं को 1000 रुपए दे रही है। इसके अलावा साय सरकार निर्माण कार्यों से जुड़े मजदूरों और उनके परिवारों के लिए भी कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इन्हीं में एक अहम योजना है मिनीमाता महतारी जतन योजना, जिसके जरिए गर्भवती महिला श्रमिकों और उनके नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। आइए जानते हैं कि योजना के बारे में..
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं को सहायता देने के लिए मिनीमाता महतारी जतन योजना की शुरुआत की गई है। यह शासन की श्रमिक हितैषी योजना है, जिसे विशेष रूप से निर्माण श्रमिक परिवारों के लिए शुरू किया गया है। इस योजना के माध्यम से उन गर्भवती महिलाओं को सहायता प्रदान की जा रही है, जो भवन निर्माण तथा असंगठित क्षेत्र में निर्माण कार्य में मजदूरी करती हैं या जिनके पति मजदूरी करते हैं। योजना का मुख्य लक्ष्य गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहयोग देकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। सरकार गर्भवती महिलाओं की संस्थागत डिलीवरी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता देती है।
बता दें कि पहले यह योजना “भगिनी प्रसूति सहायता योजना” के नाम से संचालित होती थी। बाद में 12 मई 2022 को इसका नाम बदलकर मिनीमाता महतारी जतन योजना कर दिया गया। इस योजना के जरिए सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी श्रमिक महिला को गर्भावस्था के दौरान पोषण और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
मिनीमाता महतारी जतन योजना की शुरुआत से अब तक महासमुंद में 8846 हितग्राहियों को लाभ मिला है। सुभाष नगर निवासी जागृति साहू ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिक हैं। उन्होंने योजना की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग बच्चे के रहन-सहन और उचित देखभाल में किया जा रहा है।
गौरतलब है कि मिनीमाता महतारी जतन योजना का लाभ लेने के लिए महिला श्रमिकों का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत पंजीकृत होना अनिवार्य है। योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राही को बच्चे के जन्म के 90 दिनों के भीतर श्रमिक पंजीयन प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड, उत्तराधिकारी का आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, शिशु के जन्म प्रमाण पत्र तथा मूल दस्तावेज के साथ श्रम विभाग, लोक सेवा केंद्र या वीएलई के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र महिला श्रमिक अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र, चॉइस सेंटर या छत्तीसगढ़ श्रम विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। विस्तृत जानकारी और आवेदन की स्थिति जांचने के लिए छत्तीसगढ़ श्रम विभाग (Shramevjayate) पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं।
मिनीमाता महतारी योजना का स्टेटस जानने के लिए आपको 'हमर पहिचान' पोर्टल पर ही जाना होगा। यहां आवेदन की स्थिति टैब पर क्लिक करें। अब अपना आवेदन नंबर (Application ID) डालें और कैप्चा भरकर सबमिट कर दें। आपके आवेदन फॉर्म की ताजा जानकारी आपको मिल जाएगी।
Updated on:
25 May 2026 06:14 pm
Published on:
25 May 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
