रायपुर

137 एंटी कैंसर दवाइयां अगर ज्यादा कीमत पर बेची तो होगी कार्रवाई, सरकार ने चेताया

Anti Cancer Medicine: छत्तीसगढ़ के अस्पतालों और दवा विक्रेताओं को मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश, कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित कीमतों का लाभ मरीजों तक पहुंचाना अनिवार्य...
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 1:20 AM IST
Anti Cancer Medicine

Anti Cancer Medicine: छत्तीसगढ़ के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रदेश के दवा निर्माताओं, वितरकों, स्टॉकिस्टों, खुदरा दवा विक्रेताओं, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं कैंसर उपचार संस्थानों को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हैं।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक ने बताया कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से इन दवाओं पर व्यापार मार्जिन युक्तिकरण (ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन) लागू किया गया है। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों में संशोधन का लाभ मरीजों तक पहुंचाना है। संबंधित संस्थानों को एनपीपीए द्वारा उपलब्ध कराई गई औषधि कंपनियों की नवीनतम संशोधित मूल्य सूची के अनुसार दवाओं का विक्रय सुनिश्चित करना होगा।

सभी संबंधित प्रतिष्ठानों एवं चिकित्सा संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे संशोधित मूल्य सूची अथवा पूरक मूल्य सूची अपने परिसर में ऐसे स्थान पर प्रदर्शित करें, जहां मरीज एवं उनके परिजन उसे आसानी से देख सकें। जहां लागू हो, यह सूची संस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाए।

पर्याप्त दवा उपलब्ध कराने के निर्देश: अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों को उनके यहां उपलब्ध तथा मरीजों को दी जाने वाली संबंधित एंटी कैंसर दवाओं की एमआरपी का संशोधित मूल्य सूची से नियमित मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी मरीज से लागू संशोधित एमआरपी से अधिक राशि नहीं ली जा सकती। साथ ही, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनकी कमी की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

वैधानिक कार्रवाई की जाएगी: नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि अधिक मूल्य वसूली अथवा निर्देशों के उल्लंघन के मामलों में औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश-2013 तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों को मूल्य सत्यापन एवं निगरानी के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देना होगा।

ज्यादा कीमत लेने या दवाओं की अनुपलब्धता की शिकायत यहां करें...

- छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (सीजीपीएमआरयू): 9340597097

- एनपीपीएहेल्पलाइन: 1800-111-255

- फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल

- ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in

- एनपीपीए ईमेल: monitoring-nppa@gov.in

- नियंत्रक कार्यालय ईमेल:controllerraipur@gmail.com

अपील: खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि संबंधित दवाओं की खरीद के समय संशोधित कीमत की जानकारी लें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना उपर्युक्त माध्यमों से दें।