रायपुर

अगले दो दिन संभलकर! छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी बारिश के आसार, कई जिलों में चेतावनी

Chhattisgarh weather update: छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में बारिश बढ़ने के आसार हैं। दक्षिण और मध्य हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना के बीच कई जिलों में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
2 min read
Sep 11, 2026
Chhattisgarh weather
Chhattisgarh weather: अगले दो दिन संभलकर(photo-patrika)

Chhattisgarh weather: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को रायपुर में दोपहर करीब 3 बजे के बाद तेज हवा के साथ अचानक बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

CG weather news: दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश के वितरण और तीव्रता में बढ़ोतरी हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रदेश में मौसमी सब-डिविजनल वर्षा सामान्य रही है। इसमें सामान्य से करीब 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

दुर्ग में सबसे अधिक और सबसे कम तापमान

गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में ही 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 11 सितंबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर में कुछ बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

केशकाल घाट में लगा लंबा जाम

बस्तर में कल से हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। केशकाल घाट में सुबह से जाम की स्थिति निर्मित हो गई। घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घाट में दोनों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। जाम खुलवाने के लिए प्रशासन एवं पुलिस लगी हुई है।

पखांजूर में 5 सेमी बारिश

गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। पखांजूर में सबसे अधिक 5 सेमी वर्षा हुई। इसके अलावा सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेमी, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई। रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेमी वर्षा हुई। वहीं रायपुर में भी करीब 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है।

Updated on:
11 Sept 2026 10:26 am
Published on:
11 Sept 2026 10:19 am