रायपुर

Chhattisgarh Road Accident: सड़क हादसों का कहर! मासूम समेत 3 की मौत, कई घायल

Chhattisgarh road accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर जारी है। धमतरी और कोरबा में हुए अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। मृतकों में 3 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।
3 min read
Sep 11, 2026
Chhattisgarh Road Accident
Chhattisgarh Road Accident: सड़क हादसों का कहर!(photo-patrika

Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। धमतरी और कोरबा जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है। धमतरी में अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो युवकों की जान गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं कोरबा के बांगो क्षेत्र में हाइड्रा वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और एक साल का भाई घायल हैं।

Road Accident News: धमतरी में चार अलग-अलग हादसे, दो युवकों की मौत

धमतरी जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए चार सड़क हादसों में दो युवकों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा अवरी निवासी राजू यादव के साथ हुआ। वह किराने का सामान खरीदने भखारा गए थे। सामान लेकर लौटते समय ग्राम सिरवे और पुरैना के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि राजू यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

तीजा का न्योता देकर लौट रहा था भाई-बहन, रास्ते में हादसा

दूसरी घटना बड़े गौरी गांव निवासी डामेंश्वर सिन्हा से जुड़ी है। बताया गया कि वह अपनी बहन को तीजा का न्योता देने मोखा गए थे। इसके बाद दोनों बाइक से बड़े गौरी लौट रहे थे। पुरूर के पास पहुंचने पर एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में डामेंश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी बहन का इलाज चल रहा है।

बस की टक्कर से दो युवक घायल, तीसरा भी हादसे की चपेट में

तीसरा हादसा चितौड़ के पास हुआ। पुरूर निवासी दो युवक बाइक से धमतरी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान अल्मरी निवासी एक अन्य युवक भी किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। तीनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

कोरबा में परिवार पर कहर बनकर टूटा हाइड्रा

कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां हाइड्रा वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में 3 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके माता-पिता और एक साल का भाई घायल हो गए।

ओवरटेक के दौरान बाइक को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपने परिवार के साथ ससुराल से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइड्रा वाहन ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक हाइड्रा के पहिए में फंस गई और वाहन उसे काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे में घायल परिवार के सदस्यों को पोड़ी उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने के बाद बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।

लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

धमतरी और कोरबा में हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना और ओवरटेक के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की कमी जैसे कारण सड़क हादसों को गंभीर बना रहे हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Updated on:
11 Sept 2026 02:37 pm
Published on:
11 Sept 2026 02:37 pm