
ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स (आेआईए) ने युवती के पिता को पत्र के माध्यम से उचित मदद करने का अश्वासन दिया है। ओआईए ने पत्र लिख कर कहा है कि युवती के डोमेस्टिक वायलेंस की शिकायत यूएसए पुलिस ने दर्ज कर ली है। वहां एक भारतीय एनजीओ की मदद उपलब्ध कराई जा रही है। बिलासपुर के सांसद लखनलाल साहू व सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाशपुन्ज पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुशमा स्वराज, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह से इस मामले में यथासंभव मदद करने की अपील की है।
बिलासपुर के निवासी 59 वर्षीय वी एन राव की 28 वर्षीय पुत्री वी मेहर निधि का विवाह 2012 में विशाखापट्टनम के निवासी 36 वर्षीय डी रविशंकर के साथ हुआ था। विवाह के 1 माह के दौरान ही दोनों के बीच तनाव की शुरुआत हो चुकी थी। धीरे-धीरे रविशंकर अपनी पत्नी मेहर निधि का शारीरिक और मानसिक रूप से शोषण करने लगा बावजूद इसके कि वह गर्भवती हो चुकी थी।
लडक़ी के पिता से लडक़े व उसके माता-पिता द्वारा समय समय पर पैसों की मांग भी की जाती रही थी। 2 साल तक रविशंकर के साथ तालमेल बनाने की नाकाम कोशिश के बाद निधि ने आगे की पढ़ाई कर आत्मनिर्भर बनाने का फैसला लिया और वापस आकर भारत में जीआरई की कोचिंग कर पास होने के बाद अमेरिका में ही एमएस करने के लिए कॉलेज में एडमिशन लिया जिसके लिए उसे स्टूडेंट वीजा मिल गया।
पति ने हत्या की भी कोशिश की
अमरीका जाने के बाद उसे उसके पति के अनैतिक सम्बन्धों का पता चला जिसका विरोध करने पर रविशंकर ने अपनी पत्नी मेहर निधि को डराने धमकाने के लिए अपने ही पुत्र को बाथटब में डुबो कर उसे मारने का प्रयास किया, जिसके बाद निधि वहां से जान बचाकर भाग गई। बाद में उसे अमेरिका में ही स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के लिए प्रस्ताव आया पर यह खबर उसके पति रविशंकर को हजम नहीं हुई तो उसने अपनी पत्नी निधि के खिलाफ अपने ही बच्चे को लेकर भागने और डाइवोर्स का झूठा आरोप लगाकर कानूनी प्रक्रिया में फंसा दिया। जिसके बाद कोर्ट द्वारा उसका और उसके बच्चे का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया। इस पर कोर्ट ने बच्चे को एक एक हफ्ता मां और पिता के पास रखने का आदेश दिया।
शुरू हुई कार्रवाई
बच्चे और उसकी मां की शारीरिक और मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। निधि ने वहां इंडियन एम्बेसी और स्थानीय पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी ओआईए के दखल के बाद कार्रवाई शुरु हुई है। निधि के माता-पिता और भाई ने प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय में भी गुहार लगाई थी साथ ही ट्विटर पर भी सुषमा स्वराज से आग्रह किया थी।