रायपुर

Swine Flu Alert: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू की रफ्तार तेज, एक साथ मिले 10 नए मरीज 115 पहुंचा आंकड़ा

Swine Flu: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू H1N1 का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे में 10 नए मरीज मिले, कुल मामले 115 और एक्टिव केस 28 पहुंचे।
3 min read
Aug 31, 2026
Swine Flu Case
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू की रफ्तार तेज (Photo Patrika )

Swine Flu Case: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू H1N1 का संक्रमण तेजी से फैलता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। पहले 18 एक्टिव केस थे, जो अब बढ़कर 28 हो गए हैं। लगातार सामने आ रहे नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण अब केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के नए जिलों में भी इसके मामले सामने आने लगे हैं। बालोदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में भी स्वाइन फ्लू के मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग इन इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

रायपुर में 3 नए मरीज एक्टिव केस 9 हुए

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में 3 नए मरीज मिलने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमितों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी 6 से बढ़कर 9 पहुंच गई है। राजधानी में मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। विभाग ने अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश, बदन दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य फ्लू मानकर नजरअंदाज न करें। लक्षण गंभीर होने पर चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यकता पड़ने पर जांच कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बिना डॉक्टर की सलाह के दवा नहीं लेने की अपील भी की है। विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को लक्षण दिखाई देने पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

दुर्ग में 3 नए मरीज मिले

दुर्ग जिले में भी स्वाइन फ्लू के 3 नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 13 हो गई है। इनमें से 4 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहे हैं। जिले के 7 मरीजों का अस्पतालों में उपचार चल रहा है। इनमें रायपुर के एम्स, एनएचएमएमआई और रामकृष्ण केयर अस्पताल के अलावा भिलाई के हाईटेक और बीएम शाह अस्पताल में भर्ती मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है।

बिलासपुर में भी बढ़ी चिंता 13 मामले सामने आए

बिलासपुर में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 13 हो गए हैं। इनमें से 3 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि मरीजों का उपचार जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 11 मरीजों का उपचार अपोलो अस्पताल में चल रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सिम्स में 8 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया है। इसके साथ ही वेंटिलेटर की व्यवस्था भी तैयार रखी गई है, ताकि किसी मरीज की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सिम्स में डॉक्टरों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। अस्पताल प्रबंधन को संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की निगरानी के साथ संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नए जिलों में संक्रमण पहुंचना बढ़ी चिंता

स्वाइन फ्लू के नए मामले अब प्रदेश के उन जिलों में भी सामने आ रहे हैं, जहां पहले संक्रमण की स्थिति सीमित थी। बालोदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कांकेर में मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की निगरानी का दायरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार स्वाइन फ्लू का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों तथा निकट संपर्क के माध्यम से फैल सकता है। इसलिए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतना और लक्षण होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।

115 संक्रमित, 28 एक्टिव मरीज

प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 115 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 28 मरीज वर्तमान में एक्टिव हैं। यानी पिछले 24 घंटे में न केवल कुल संक्रमितों की संख्या में 10 का इजाफा हुआ है, बल्कि एक्टिव मरीज भी 18 से बढ़कर 28 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती संक्रमण को नए इलाकों में फैलने से रोकने और गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की है। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, वेंटिलेटर और चिकित्सकीय टीमों को तैयार रखा जा रहा है।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

लगातार बुखार रहना
खांसी और गले में खराश
सिरदर्द और बदन दर्द
अत्यधिक कमजोरी या थकान
सांस लेने में परेशानी
सर्दी-जुकाम के साथ हालत बिगड़ना

Updated on:
31 Aug 2026 03:42 pm
Published on:
31 Aug 2026 03:42 pm